Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

PM मोदी की कॉल, 24 घंटे में 2 बार सांसदों से मुलाकात; क्या NDA में शामिल होने वाले हैं शरद पवार?

INT News9 November 2026 at 05:49 pm

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर उनका हालचाल जाना. बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सुप्रिया सुले और वे खुद देश संभाल लेंगे, इसलिए पवार साहब अपनी सेहत का ख्याल रखें और आराम करें. पीएम मोदी की फोन कॉल से पहले शरद पवार की तबीयत बिगड़ने के बाद प्रफुल्ल पटेल और परिवार के अन्य नेताओं ने भी अस्पताल में उनसे मुलाकात की थी. इसके बाद 24 घंटे के अंदर शरद पवार ने अपने सांसदों से भी मुलाकात की. इन घटनाक्रमों के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों के विलय और शरद पवार के एनडीए में शामिल होने की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं.

चर्चा इस बात को लेकर भी है कि क्या महाराष्ट्र की राजनीति में कोई नया समीकरण बनने जा रहा है? इस पूरे मामले पर हमने महाराष्ट्र के वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक विजय चोरमरे, पब्लिक ओपिनियन एजेंसी वोट वाइब के संस्थापक और राजनीतिक विश्लेषक अमिताभ तिवारी के साथ ही लोकनीति-CSDS के सह-निदेशक संजय कुमार से बातचीत की.

क्या शरद पवार NDA में शामिल होने वाले हैं?

इस सवाल के जवाब में, विजय चोरमरे कहते हैं कि शरद पवार का NDA के साथ जाना फिलहाल संभव नहीं दिखता है. मीडिया में बार-बार जरूर इस तरह की खबरें आती रहती हैं, लेकिन इन बातों का कोई ठोस आधार नहीं है. शरद पवार अपनी धर्मनिरपेक्ष छवि छोड़कर बीजेपी के साथ जाएंगे, ऐसी संभावनाएं नहीं हैं. उन्होंने इतने वर्षों तक नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार का विरोध किया है. इसलिए मेरे हिसाब से शरद पवार का NDA में जाना संभव नहीं दिखता.

हालांकि, अमिताभ तिवारी की राय चोरमरे के उलट है. अमिताभ तिवारी कहते हैं कि शरद पवार को लगता है कि अजित पवार के निधन के बाद NCP में नेतृत्व का संकट उत्पन्न हुआ है. अजित के रहते एनसीपी और एनसीपी (एसपी) एक-दूसरे की प्रतिद्वंदी थीं, लेकिन अब हालात अलग हैं. अजित के बाद एनसीपी की कमान संभाल रहीं उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच मतभेद बार-बार सामने आ रहे हैं. जिस तरह की स्थिति बन गई है, शरद पवार को लगता है कि इसका फायदा उठाकर एनसीपी को एकजुट कर सकते हैं. ऐसे में हो सकता है कि शरद पवार को NDA के रास्ते अपनी पार्टी पर नियंत्रण वापस पाने का एक मौका दिखाई दे रहा हो.

संजय कुमार का कहना है कि शरद पवार की पार्टी के NDA में शामिल होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. पिछले एक दशक में भारतीय राजनीति में ऐसे कई उदाहरण सामने आए हैं, जब उन पार्टियों और नेताओं ने भी गठबंधन किया, जिनके एक साथ आने की संभावना नहीं मानी जाती थी. ऐसे में अगर शरद पवार की पार्टी के NDA में जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं, तो इसे पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता.

NDA में शामिल होने की क्या वजहें हो सकती हैं?

विजय चोरमरे कहते हैं कि शरद पवार के NDA में शामिल होने की संभावना इसलिए भी कम है, क्योंकि उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक पहचान उनकी धर्मनिरपेक्ष छवि रही है. हालांकि बीजेपी की भी अपनी राजनीतिक जरूरत हो सकती है. शरद पवार के पास आठ सांसद हैं और राष्ट्रीय राजनीति में बीजेपी को इन सांसदों का समर्थन मिल सकता है. लेकिन शरद पवार की धर्मनिरपेक्ष छवि और बीजेपी के साथ उनके पुराने राजनीतिक विरोध को देखते हुए ऐसा होना संभव नहीं लगता.

हालांकि, अमिताभ तिवारी कहते हैं कि शरद पवार को भी बीजेपी का विरोधी कहा जाता है, लेकिन उन्हें ऐसा वैचारिक विरोधी नहीं माना जा सकता जैसा आमतौर पर उनकी राजनीति को लेकर धारणा है. उदाहरण के लिए 2014 में जब महाराष्ट्र में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनी थी और बीजेपी-शिवसेना के बीच सहमति नहीं बन पा रही थी, तब NCP ने देवेंद्र फडणवीस सरकार के विश्वास मत में वॉकआउट किया था. इससे बीजेपी को सरकार बचाने में मदद मिली थी.

वहीं, संजय कुमार कहते हैं कि इसके पीछे कई राजनीतिक कारण हो सकते हैं. शरद पवार को लग सकता है कि NDA के साथ मिलकर महाराष्ट्र की राजनीति में उनकी पार्टी को मजबूती मिल सकती है. पिछले एक दशक में महाराष्ट्र की राजनीति में भी कई ऐसे उदाहरण देखने को मिले हैं, जब अलग-अलग विचारधारा और राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले दलों ने गठबंधन किया है. इसलिए शरद पवार की पार्टी के NDA में शामिल होने की संभावना को भी इसी राजनीतिक बदलाव के संदर्भ में देखा जा सकता है.

शरद पवार के NDA में शामिल होने से महाराष्ट्र की राजनीति पर क्या असर होगा?

अमिताभ तिवारी कहते हैं कि अजित पवार के निधन के बाद अहम बड़ा सवाल है कि दोनों NCP गुट मिलकर या अलग-अलग चुनाव लड़कर कितनी सीटें जीत पाएंगे. क्या वे अपने दम पर 50 सीटों तक पहुंच पाएंगे, यह देखना होगा. उनके अनुसार, महाराष्ट्र की राजनीति धीरे-धीरे बीजेपी बनाम कांग्रेस की ओर बढ़ रही है. राज्य में क्षेत्रीय पार्टियां कमजोर हो रही हैं. ऐसे में अगर शरद पवार की NCP, NDA में शामिल होती है, तो विपक्षी राजनीति का समीकरण बदल सकता है.

अभी विपक्ष के पास कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट), शरद पवार की NCP और अन्य दलों का समर्थन है. अगर NCP का कोई गुट विपक्ष से निकलकर NDA में चला जाता है, तो विपक्ष के वोटों का बंटवारा हो सकता है. हालांकि, विपक्ष का पूरा वोट बैंक NDA के साथ नहीं जाएगा. लेकिन, मुस्लिम और दलित मतदाताओं का एक वर्ग कांग्रेस की तरफ जा सकता है.

वहीं संजय कुमार मानते हैं कि अगर शरद पवार की पार्टी NDA में शामिल होती है, तो महाराष्ट्र में विपक्ष और कमजोर होगा. फिलहाल नैरेटिव और सीटों के लिहाज से सत्तारूढ़ गठबंधन मजबूत स्थिति में है. ऐसे में शरद पवार की पार्टी के भी उसके साथ आने से विपक्ष की स्थिति और कमजोर हो सकती है.

हालांकि, इसका क्या असर होगा, यह अभी कहना मुश्किल है. महाराष्ट्र में अगला विधानसभा चुनाव 2029 में होना है. चुनाव में अभी ढाई से पौने तीन साल का समय है. चुनाव से तीन-चार महीने पहले या एक महीने पहले होने वाली घटनाओं का भी राजनीतिक असर पड़ सकता है. इसलिए अभी से यह तय करना मुश्किल है कि शरद पवार के NDA में जाने का चुनाव पर कितना प्रभाव पड़ेगा.

नंबर गेम में NCP के दोनों गुटों की क्या है स्थिति

क्या शरद पवार बेटी सुप्रिया सुले के लिए लेने वाले हैं यह फैसला

विजय चोरमरे का मानना है कि ऐसा कहना सही नहीं है कि शरद पवार अपनी बेटी सुप्रिया सुले को राजनीति में स्थापित करने के लिए इस तरह के फैसले ले रहे हैं. सुप्रिया सुले अपनी राजनीतिक पहचान और ताकत के दम पर चुनाव लड़ती हैं और जीतती हैं. वह अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों से लगातार जुड़ी रहती हैं. एक विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्र में जितना सक्रिय रहता है, उससे भी ज्यादा सुप्रिया सुले एक सांसद होने के बावजूद अपने क्षेत्र में सक्रिय रहती हैं. वह सप्ताह में दो से तीन दिन अपने निर्वाचन क्षेत्र में बिताती हैं और लोगों के व्यक्तिगत मामलों में भी खुद मौजूद रहती हैं.

विजय कहते हैं कि अगर सुप्रिया सुले अपने पिता शरद पवार की राजनीतिक ताकत के भरोसे चुनाव लड़तीं, तो अजित पवार की राजनीतिक ताकत के सामने उनका राजनीतिक करियर कब का खत्म हो गया होता. इसके अलावा जब शरद पवार केंद्र सरकार में मंत्री थे, तब भी उन्होंने सुप्रिया सुले को मंत्री नहीं बनाया था. उनसे जूनियर नेताओं को मंत्री बनाया गया था. इसलिए यह कहना सही नहीं है कि शरद पवार अपनी बेटी को स्थापित करने के लिए राजनीति कर रहे हैं.

हालांकि अमिताभ तिवारी कहते हैं कि सुप्रिया सुले को राजनीति में स्थापित करना भी शरद पवार की कोशिशों की एक वजह हो सकती है. सुप्रिया सुले का राजनीतिक प्रभाव मुख्य रूप से राष्ट्रीय स्तर पर है. स्थानीय स्तर की राजनीति में उनकी भूमिका उतनी मजबूत नहीं है. सुनेत्रा पवार ने अजित पवार के गुट में अपनी पकड़ लगभग बना ली है. ऐसे में सुप्रिया सुले के लिए पार्टी में अपनी राजनीतिक जगह मजबूत करना आसान नहीं होगा.

एक संभावना यह भी है कि शरद पवार को लग सकता है कि उनके सक्रिय रहते हुए सुप्रिया सुले को राजनीतिक रूप से स्थापित करने का यह आखिरी मौका है. उनके सामने यह भी सवाल है कि अगर भविष्य में वे सक्रिय राजनीति में नहीं रहे, तो क्या सुप्रिया सुले NCP (शरदचंद्र पवार) को बचा पाएंगी या पार्टी का किसी दूसरे दल में विलय हो जाएगा.

संजय कुमार कहते हैं कि अगर NCP के दोनों गुट एक साथ आते हैं, तो पार्टी का आकार बड़ा होगा. फिलहाल सुप्रिया सुले एक छोटी पार्टी की बड़ी नेता हैं. लेकिन दोनों गुटों के एक होने से पार्टी बड़ी हो जाती है और अगर सुप्रिया सुले को उसमें कोई महत्वपूर्ण पद मिलता है, तो उनका राजनीतिक कद भी बढ़ सकता है. हालांकि, यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि विलय के बाद पार्टी में उन्हें क्या जिम्मेदारी मिलती है. अगर उन्हें पहले जैसा ही पद मिलता है, तो उनके राजनीतिक करियर में कोई खास बदलाव नहीं आएगा.

शरद पवार के NDA में शामिल होने से सुनेत्रा पवार गुट का क्या होगा?

विजय चोरमरे कहते हैं कि अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार गुट में नेतृत्व को लेकर खटपट की स्थिति है. अजित पवार के रहते पार्टी पर उनका मजबूत नियंत्रण था, लेकिन अब उनके नहीं रहने से पार्टी के भीतर समीकरण बदल गए हैं.

NCP के दोनों गुटों के एक होने की बात है, वो विजय कहते हैं फिलहाल इसकी संभावना नहीं दिखती. लेकिन संभव है कि विधानसभा चुनाव से पहले अजित पवार का गुट NDA से बाहर आए और दोनों गुट साथ मिलकर चुनाव लड़ें. लेकिन अभी इस बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगा.

अमिताभ तिवारी कहते हैं कि अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार गुट में नेतृत्व को लेकर खटपट की स्थिति है. अजित पवार के रहते पार्टी पर उनका मजबूत नियंत्रण था, लेकिन अब उनके नहीं रहने से पार्टी के भीतर समीकरण बदल गए हैं. अमिताभ बताते हैं कि सुनेत्रा पवार को पार्टी की कमान सौंपने के पीछे भी यही सोच थी कि शरद पवार कहीं दोबारा पार्टी पर नियंत्रण न कर लें.

प्रफुल्ल पटेल और दूसरे नेताओं को लगा था कि सुनेत्रा पवार को आगे करके वे पार्टी को अपने नियंत्रण में रख सकेंगे. लेकिन अब वे सुनेत्रा पवार को नियंत्रित नहीं कर पा रहे हैं. इसी वजह से प्रफुल्ल पटेल और छगन भुजबल जैसे नेता बीजेपी से मदद मांग रहे हैं, क्योंकि इन नेताओं के पास अब पहले जैसा राजनीतिक दबदबा और शरद पवार को चुनौती देने की ताकत नहीं रह गई है.

संजय कुमार कहते हैं कि अगर NCP के दोनों गुट एक साथ आ जाते हैं, तो पार्टी पहले के मुकाबले बड़ी और मजबूत हो जाएगी. दोनों गुटों के वोट और राजनीतिक ताकत एक साथ आने से गठबंधन की स्थिति भी मजबूत होगी. हालांकि, यह जरूरी नहीं है कि दोनों गुटों के वोटों का सीधा जोड़ ही उनका कुल वोट शेयर बन जाए.