Thursday, 2 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

सरोना की शराब दुकान में चोरी...4 आरोपी गिरफ्तार:राजस्थान से पकड़े गए चोर; 7 लाख कैश और शराब लेकर हुए थे फरार

INT News1 July 2026 at 09:14 pm

रायपुर पुलिस ने सरोना स्थित कम्पोजिट विदेशी शराब दुकान में हुई 7.05 लाख रुपए की चोरी का खुलासा कर दिया है। मामले में राजस्थान के 4 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। आरोपियों ने दुकान का लॉकर उखाड़कर 7.05 लाख रुपए कैश, शराब की बोतलें और CCTV का DVR चोरी कर लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15.50 लाख रुपए का मशरूका, घटना में इस्तेमाल की गई कार और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। 15 दिन तक चली जांच, सैकड़ों CCTV कैमरे खंगाले इस चोरी की गुत्थी सुलझाने के लिए क्राइम ब्रांच, साइबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस ने लगातार 15 दिनों तक जांच की। टीम ने शहर और दूसरे राज्यों के सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण किया और आरोपियों की लोकेशन राजस्थान के बांसवाड़ा में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान में कैंप कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पहले की रेकी, फिर राजस्थान से आए और वारदात कर लौट गए पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का एक सदस्य पहले रायपुर आया था और शराब दुकान की रेकी कर वापस लौट गया। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। योजना के मुताबिक सभी आरोपी कार से रायपुर पहुंचे। रात में शराब दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे, लॉकर उखाड़कर उसमें रखे 7,05,580 रुपए लेकर फरार हो गए। जाते-जाते दुकान से करीब 10,820 रुपए की शराब और CCTV का DVR भी साथ ले गए। 2 लाख कैश, कार और मोबाइल जब्त गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 2 लाख रुपए कैश, वारदात में इस्तेमाल की गई चारपहिया गाड़ी और 4 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 15.50 लाख रुपए बताई गई है। हत्या, लूट और नारकोटिक्स के मामलों में पहले भी जा चुके हैं जेल पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार चारों आरोपी राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के रहने वाले हैं और सभी का आपराधिक रिकॉर्ड है। इन पर पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, मारपीट और नारकोटिक्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। सभी आरोपी अलग-अलग मामलों में जेल भी जा चुके हैं। एक आरोपी अब भी फरार पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश जारी है। साथ ही आरोपियों की दूसरे राज्यों में गतिविधियों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं या नहीं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आमानाका थाने में बीएनएस की धारा 331(4), 305 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।