समाचार · मध्य प्रदेश
3 स्कूलों से फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने लिए 22 सैंपल:एक स्कूल की मेस के पास नहीं मिला लाइसेंस, काम बंद करवाया
इंदौर के एक नामी स्कूल में खाने के बाद तबीयत बिगड़ने के बाद से फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट लगातार स्कूली की चेकिंग कर रहा है। इसके साथ ही स्कूलों से खाने के सैंपल भी कलेक्ट किए जा रहे है। कलेक्टर के निर्देशन में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट द्वारा स्कूलों और हॉस्टलों में चलने वाली मेस और कैंटिंनों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 3 स्कूलों का निरीक्षण कर 22 सैंपल लिए गए। वहीं एक स्कूल में जरूरी खाद्य पंजीयन के अभाव में यहां खाने की गतिविधियां तत्काल प्रभाव से बंद कराई गई है। बिना फूड लाइसेंस के चल रही थी मेस बुधवार को डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने बिचौली मर्दाना रोड स्थित अग्रवाल पब्लिक स्कूल का दौरा किया। यहां स्कूल मैनेजर कालीचरण तिवारी की मौजूदगी में हॉस्टल मेस का चेक किया, जहां हॉस्टल ने रहने वाले स्टूडेंट्स के लिए खाना बनाया जाना मिला। इस दौरान अधिकारियों को पता चला कि मेस का फूड लाइसेंस नहीं है। इसके अलावा खाना बनाने में इस्तेमाल किए जाने वाली पानी की NABL मान्यता प्राप्त लैब की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाई गई, फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं थे और कैंपस में इस्तेमाल किए जा रहे चाकू और चॉपिंग बोर्ड को बदलने के लिए कहा गया है। मौके से पोहा, चना दाल, तुअर दाव, आटा, काबुली चना, राजमा, काला नमक, आयोडाइज्ड नमक, रेड चिली सॉस, सोया सॉस, हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर के कुल 12 सैंपल जांच के लिए गए। फूड लाइसेंस न होने के कारण वैध लाइसेंस मिलने तक स्कूल की मेस में संचालित खाद्य गतिविधियां तत्काल प्रभाव से बंद कराई गई। इन स्कूलों से भी टीम ने लिए सैंपल इसके अलावा टीम ने स्कीम नंबर 78 स्थित विबग्योर स्कूल की कैटिंग को चेक किया। इस दौरान कैंपस में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों का रखरखाव ठीक मिला। यहां से चना दाल, मूंग दाल, बेसन, आटा और चावल के कुल 5 सैंपल लिए गए। इसी तरह स्कीम नंबर 78 स्थित सिका हायर सेकेंडरी स्कूल को भी चेक किया। इस दौरान स्कूल की मेस से छोला सब्जी, घी, तुअर दाल, चावल, सोयाबीन तेल के 5 सैंपल लिए गए। इन सभी 22 सैंपलों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण लैब भेजा जा रहा है। टीम ने निरीक्षण के दौरान जरूरी निर्देश भी दिए हैं। वहीं कलेक्टर शिवम वर्मा ने आमजन, पेरेंट्स से अनुरोध किया है कि यदि किसी स्कूल, हॉस्टल या अन्य खाद्य प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितता प्रतीत हो तो उसकी सूचना कलेक्टर हेल्पलाइन नंबर 0731-181, CM हेल्पलाइन, FoSCoS पोर्टल अथवा अन्य उपलब्ध माध्यमों से दें, ताकि तुरंत जरूरी कार्रवाई की जा सके।