Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

बारिश ने रेलवे भर्ती का फिजिकल टेस्ट रोका, 26 सितंबर से होने वाली परीक्षा स्थगित, अब नई तिथि का इंतजार

INT News25 September 2026 at 07:13 pm

Railway Recruitment PET 2026 : पटना में लगातार हो रही बारिश के कारण रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाला शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी) स्थगित कर दिया गया है. केंद्रीय रोजगार सूचना संख्या 08/2024 के तहत शॉर्टलिस्ट किए गए 2027 अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण 26 सितंबर से खगौल स्थित जगजीवन स्टेडियम में प्रस्तावित था. अब नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी.

मैदान में पानी और कीचड़ से बढ़ी परेशानी

लगातार बारिश के कारण जगजीवन स्टेडियम का मैदान शारीरिक दक्षता परीक्षण कराने के लिए उपयुक्त नहीं रह गया है. मैदान में पानी और कीचड़ जमा होने से अभ्यर्थियों के लिए दौड़ सहित अन्य शारीरिक परीक्षण कराना मुश्किल हो गया है. मौसम विभाग की ओर से अगले कुछ दिनों में भी बारिश की संभावना को देखते हुए अभ्यर्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया गया है.

पूरी हो चुकी थी आयोजन की तैयारी

शारीरिक दक्षता परीक्षण के आयोजन को लेकर दानापुर मंडल की ओर से जगजीवन स्टेडियम में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी थीं. आयोजन स्थल की तैयारियों की समीक्षा भी की गयी थी. हालांकि, पिछले कुछ समय से लगातार हो रही बारिश के कारण मैदान की स्थिति खराब हो गयी.

नई तिथि का करना होगा इंतजार

केंद्रीय रोजगार सूचना संख्या 08/2024 के तहत शॉर्टलिस्ट किए गए 2027 अभ्यर्थियों को अब शारीरिक दक्षता परीक्षण की नई तिथि का इंतजार करना होगा. रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नई तारीख तय होने के बाद अभ्यर्थियों को इसकी सूचना दी जाएगी. अभ्यर्थियों को पुरानी निर्धारित तिथि यानी 26 सितंबर को परीक्षा स्थल पर पहुंचने की आवश्यकता नहीं है. नई तिथि की घोषणा के बाद ही शारीरिक दक्षता परीक्षण का आयोजन किया जाएगा.