Friday, 17 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

सूने मकानों में चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार:7.71 लाख की चोरी का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत 4 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा; वारदात में शामिल थे 3 नाबालिग

INT News16 July 2026 at 11:40 pm

राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शातिर नकबजन पवन मंडल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें तीन विधि के साथ संघर्षरत बालक (नाबालिग) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7.71 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद की है। मास्टर माइंड का नाम पवन मंडल पुलिस द्वारा बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला न्यू राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार, अमलीडीह स्थित बी.एस.यू.पी. कॉलोनी निवासी बिस्वम्बर महानंद ने 23 जून को अपने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। वह घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। लौटने पर पीछे का दरवाजा टूटा मिला और अलमारी व लॉकर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब थी। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि आदतन चोर पवन मंडल घटना के समय कुछ किशोरों के साथ इलाके में देखा गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने तीन नाबालिग साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों से ये सामान बरामद पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 50 ग्राम गलाया हुआ सोना, चांदी के जेवर और नकदी बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद उन्होंने सोने के जेवर गलाकर नया सोना तैयार कर लिया था। पुलिस के मुताबिक, पवन मंडल इस गिरोह का मास्टरमाइंड है और उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।