समाचार · मध्य प्रदेश
गुमशुदा फाइनेंस कर्मी का शव पेड़ से लटका मिला:अशोकनगर में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया
अशोकनगर जिले के चंदेरी थाना क्षेत्र के करमई गांव के जंगल में 25 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान जगन्नाथ यादव के रूप में हुई है। वह एक निजी फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट था और 16 जुलाई से लापता था। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मूल रूप से करमई गांव निवासी जगन्नाथ यादव चंदेरी की पंचमनगर कॉलोनी में किराये के मकान में रहता था। वह पिछोर रोड स्थित एक फाइनेंस कंपनी में ग्रामीण क्षेत्रों से किस्तों की वसूली का काम करता था। परिजनों के अनुसार, 16 जुलाई की दोपहर करीब 3 बजे वह अपनी मां कृष्णा बाई यादव से बैंक में पैसे जमा करने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मृतक के चाचा को करमई के घुरैया जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका होने की सूचना मिली। सूचना पर चंदेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। मृतक के पास 12,050 रुपए नकद, मोबाइल फोन मिला
पुलिस को घटनास्थल से मृतक के पास 12,050 रुपए नकद, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल मिली है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि जगन्नाथ की हत्या की गई है। इसके बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को जंगल में पेड़ से लटका दिया गया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।