national · पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल: 12 साल की भांजी से दरिंदगी करने वाला आरोपी एनकाउंटर में ढेर; भागने के दौरान पुलिस पर की थी फायरिंग

पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अपनी ही 12 साल की सगी भांजी के साथ दुष्कर्म और उसकी बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी मामा दिलीप रॉय को पुलिस ने सोमवार तड़के एनकाउंटर में मार गिराया. गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस उसे पकड़ने पहुंची, तो आरोपी ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं. जवाबी आत्मरक्षा में लगी गोली से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
नदी घुमाने के बहाने जंगल ले जाकर किया रेप
रिश्तों को तार-तार कर देने वाली इस घटना की शुरुआत 3 नवंबर को हुई थी. 12 साल की मासूम दोपहर में अपनी साइकिल लेकर घर से निकली थी, जिसके बाद से वह लापता हो गई. परिजनों के मुताबिक, बच्ची का सगा मामा दिलीप रॉय उसे कुलिक नदी दिखाने के बहाने बहला-फुसलाकर जंगल की तरफ ले गया था.
बुरे हाल में मिला बच्ची का शव
5 नवंबर को अब्दुलघाटा के पास कुलिक नदी के किनारे जंगल से बच्ची का नग्न और सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. जांच में पुष्टि हुई कि आरोपी मामा ने पहले मासूम के साथ दरिंदगी की और फिर पकड़े जाने के डर से उसकी हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया. इस खुलासे के बाद से ही पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थीं.
पुलिस की गाड़ी पर चलाई गोली, टायर फटा
रायगंज के गौरी ग्राम पंचायत इलाके में हुई मुठभेड़ को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मूल रूप से झारखंड का रहने वाला दिलीप रॉय रायगंज के पारापुकुर इलाके से बिहार बॉर्डर पार कर भागने की कोशिश में था.
पुलिस ने जैसे ही उसकी घेराबंदी की, आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पुलिस की गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस हमले में पुलिस वाहन का टायर फट गया. पुलिस टीम ने जब जवाबी कार्रवाई की, तो आरोपी गोली लगने से मौके पर ही गिर पड़ा. उसे फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बंगाल में BJP सरकार बनने के बाद चौथा एनकाउंटर
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनने के बाद गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ पुलिस मुठभेड़ का यह चौथा मामला है:
जुलाई 2026: बारुईपुर (दक्षिण 24 परगना) में 11 साल की बच्ची से रेप और मर्डर के आरोपी प्रभास मोंडल को सीन रीक्रिएशन के दौरान पिस्टल छीनकर भागने पर मार गिराया गया था.
27 अक्टूबर 2026: गायघाटा में 11वीं की छात्रा के मर्डर के आरोपी प्रह्लाद दास और मुर्शिदाबाद में बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या के आरोपी समउल हक को अलग-अलग मुठभेड़ों में ढेर किया गया था.
ताजा एनकाउंटर को लेकर राज्य के मंत्री दिलीप घोष ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जो कोई भी कानून हाथ में लेगा या उसका उल्लंघन करेगा, उसे पुलिस की सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा. पुलिस परिस्थितियों के अनुसार कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे कड़े कदम उठाने को मजबूर होती है.
ये भी पढ़ें: थेनी में मारे गए पुलिस अधिकारी के परिवार को ₹40 लाख का मुआवजा देंगे CM विजय