समाचार · झारखंड
रांची में डिबडीह ओवरब्रिज पर बेकाबू हुई कार, डिवाइडर से टकराकर बीच सड़क पलटी; 2 युवक घायल

रांची. डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित डिबडीह ओवरब्रिज पर शुक्रवार दोपहर एक कार हादसे में दो युवक घायल हो गये. तेज रफ्तार में जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकरायी और इसके बाद स्ट्रीट लाइट के खंभे से जा भिड़ी. टक्कर के बाद कार पुल के बीचों-बीच पलट गयी.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल पर अचानक चालक का कार से नियंत्रण हट गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्ट्रीट लाइट का पोल क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
गनीमत रही कि कार पलटने के बावजूद दोनों युवकों को गंभीर चोट नहीं आयी. दोनों को मामूली खरोंचें लगीं और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
राहगीरों ने पलटी कार को किया सीधा
हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्परता दिखाई. लोगों ने मिलकर मशक्कत के बाद पलटी हुई कार को सीधा किया और दोनों युवकों को बाहर निकालने में मदद की. इसके बाद स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी गयी.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की. पुलिस ने यातायात को भी सामान्य कराया.