Thursday, 2 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · बिहार

अगले 6 दिनों तक इन राज्यों में भारी बारिश, देशभर में मानसून का जोर, IMD ने जारी किया अलर्ट

INT News1 July 2026 at 09:31 pm

Very Heavy Rain Warning: मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में अगले छह दिनों तक मानसून की तल्खी जारी रह सकती है. हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 2 से 6 जुलाई तक अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं उत्तराखंड में पूरे सप्ताह अधिकांश इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी राजस्थान में 2 से 6 जुलाई के बीच झमाझम बारिश हो सकती है. इस दौरान कई राज्यों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी चलने की भी संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 2 से 6 जुलाई के बीच धूलभरी आंधी का अलर्ट जारी किया गया है.

हिमाचल में उफान पर नदियां, 6 जुलाई तक बहुत भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश का दौर जारी है. शिमला, मनाली, धर्मशाला सहित कई इलाकों में तेज बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं. राज्य आपदा प्रतिक्रिया अभियान केंद्र के मुताबिक मंडी में 28, कुल्लू में 12 और लाहौल-स्पीति और ऊना में दो-दो सड़कें बंद कर दी गई हैं. ऊना जिले में स्वां नदी उफान पर है, जिसके चलते लोगों को नदी के किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने 2 से 6 जुलाई के बीच (4 जुलाई को छोड़कर) कई स्थानों पर भारी से बहुत ज्यादा भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मंगलवार (30 जून) से लेकर 1 जुलाई की सुबह तक कांगड़ा के नगरोटा सूरियां में सबसे अधिक 102.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, इसके बाद घमरूर में 95.2 मिलीमीटर, गुलेर में 87.2 मिलीमीटर, पालमपुर में 74.4 मिलीमीटर बारिश हुई.

झारखंड-बिहार, ओडिशा में पूरे सप्ताह बारिश की चेतावनी (Bihar Rain Alert)

मौसम विभाग का अनुमान है कि झारखंड, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में इस पूरे सप्ताह मानसून की जोरदार बारिश हो सकता है. आईएमडी के मुताबिक झारखंड में 1 से 5 जुलाई तक कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है. बिहार में एक जुलाई से कई जिलों में बारिश की संभावना है. ओडिशा में भी पूरे सप्ताह भारी बारिश का दौर बना रह सकता है. पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश होने का मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है. झारखंड और बिहार में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का भी मौसम विभाग ने अनुमान जाहिर किया है.

असम-मेघालय समेत पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मानसून की बारिश अभी जारी रहेगी. आईएमडी के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश में 3 जुलाई तक, जबकि असम और मेघालय में 2 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पूरे सप्ताह बारिश जारी रह सकती है.

मध्य भारत में कई इलाकों में बारिश (Rain Alert)

आईएमडी के मुताबिक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 1 से 6 जुलाई तक मानसून पूरी तरह एक्टिव रहेगा. अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 2 से 4 जुलाई के दौरान बहुत भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने 1 जुलाई को मध्य भारत के कई हिस्सों में तेज बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है.

पश्चिम भारत में कोंकण और गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट

कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ और मराठवाड़ा में मानसून की बारिश का दौर जारी रह सकता है. कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में पूरे सप्ताह जोरदार बारिश हो सकती है. गुजरात क्षेत्र में 3 जुलाई से बारिश और तेज होने की संभावना है, जबकि सौराष्ट्र-कच्छ में भी सप्ताह के अंत तक बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है.

दक्षिण भारत में भी जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

दक्षिण भारत में मौसम के तेवर आने वाले दिनों में और तलख रह सकते हैं. मौसम विभाग के मुताबिक केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में अगले छह दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. 3 से 6 जुलाई के दौरान केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. 3 और 4 जुलाई को तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

Also Read: Monsoon Rain: अगले 48 घंटे में जमकर बरसेंगे बदरा, देहरादून और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट