समाचार · मध्य प्रदेश
अतिथि शिक्षकों के रिक्त पदों के लिए आवेदन आज से:विकासखंड और जिला स्तर के पैनल से नियुक्त होंगे पांच हजार गेस्ट टीचर
मध्य प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों की भरपाई नहीं हो पाने के कारण स्कूल शिक्षा विभाग ने रिक्त पदों के विरुद्ध अतिथि शिक्षकों की भर्ती करने का फैसला किया है। इसके लिए जिन विद्यालयों में शिक्षकों के पद रिक्त हैं वहां संबंधित विषय के लिए अतिथि शिक्षक मंगलवार से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और 1 सितम्बर से इन्हें ऑनलाइन जॉइन कराया जा सकेगा। अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति विकासखंड और जिला स्तर पर बनाए गए पैनल की मेरिट लिस्ट के आधार पर की जाएगी। इस प्रक्रिया में करीब पांच हजार अतिथि शिक्षकों की तैनाती की तैयारी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में शासकीय विद्यालयों में नियमित शिक्षकों की कमी के कारण शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए लोक शिक्षण संचालनालय ने अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति एवं पदस्थापना को लेकर निर्देश जारी किए हैं। संचालनालय ने यह निर्देश सोमवार को सभी संभागीय संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों को दिए हैं। अतिथि शिक्षकों के पद पर भर्ती का काम एजुकेशन पोर्टल 3.0 के अंतर्गत गेस्ट फैकल्टी मैनेजमेंट सिस्टम (GFMS) मॉड्यूल के माध्यम से किया जाएगा। स्कूलों में रिक्त पदों के विरुद्ध अतिथि शिक्षक भर्ती करने के लिए विकासखंड एवं जिले के पैनल में उपलब्ध मेरिट सूची का उपयोग किया जाएगा। मेरिट के आधार पर होगा अतिथि शिक्षकों को बुलावा विद्यालय में रिक्त पद के विरुद्ध अतिथि शिक्षक की आवश्यकता होने पर स्कूल प्रभारी GFMS पोर्टल पर बताई गई रिक्तियों के आधार पर कार्रवाई करेंगे। यदि किसी विद्यालय में वर्ष 2025-26 में रिक्त पद के विरुद्ध अतिथि शिक्षक के रूप में कार्य कर चुके आवेदक उपलब्ध हैं, तो उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उसी विद्यालय में पढ़ाने के लिए बुलाया जा सकेगा। शाला प्रभारी GFMS पोर्टल पर दिखाई दे रहे रिक्त पदों के विरुद्ध ही अतिथि शिक्षकों को पढ़ाने के लिए आमंत्रित कर सकेंगे। विकासखंड की मेरिट सूची में उपलब्ध आवेदकों को मेरिट क्रम के अनुसार तय प्रक्रिया में संपर्क कर बुलाया जाएगा। आवेदक की सहमति या असहमति की प्रविष्टि GFMS पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य होगा। मेरिट सूची में नाम नहीं होने पर जिला पैनल से मौका यदि विकासखंड की मेरिट सूची में किसी विषय के लिए आवेदक उपलब्ध नहीं है, तो ऐसी स्थिति में शाला प्रभारी जिले के पैनल से मेरिट के अनुसार आवेदक को पढ़ाने के लिए बुला सकेंगे। जिस आवेदक को विद्यालय में अतिथि शिक्षक के रूप में शिक्षण कार्य के लिए बुलाया गया है, उसकी ज्वाइनिंग की प्रविष्टि GFMS मॉड्यूल में उसी दिन दर्ज करनी होगी। अतिथि शिक्षक के रूप में बुलाए गए आवेदक के स्कोर कार्ड में दर्ज दस्तावेजों का परीक्षण शाला प्रभारी द्वारा किया जाएगा। दस्तावेजों और स्कोर कार्ड में दर्ज जानकारी में अलग पाए जाने पर आवेदक की अतिथि शिक्षक के लिए पात्रता निरस्त की जा सकेगी। अतिथि शिक्षक भर्ती की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। किसी भी स्थिति में ऑफलाइन बुलावा नहीं होगा। वर्ग-3 प्राथमिक पदों पर भी वैकल्पिक व्यवस्था निर्देशों में कहा गया है कि यदि विद्यालय में वर्ग-3 प्राथमिक शिक्षक के रिक्त पद के विरुद्ध विकासखंड, जिले की मेरिट सूची में कोई आवेदक उपलब्ध नहीं है, तो ऐसी स्थिति में वर्ग-3 जनरल के पैनल से वर्ग-3 प्राथमिक के रिक्त पद के विरुद्ध अतिथि शिक्षक बुलाए जा सकेंगे। संचालनालय ने सभी संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अतिथि शिक्षकों की भर्ती में तय मेरिट, ऑनलाइन प्रक्रिया, दस्तावेज सत्यापन और ई-अटेंडेंस संबंधी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए।