समाचार · मध्य प्रदेश
देवास रेलवे माल गोदाम के पास मिले शव की पहचान:जेब में रखी पर्ची से मिला परिजनों का नंबर, चार दिन से लापता था युवक
देवास में रेलवे माल गोदाम के पास मिले शव की पहचान हो गई। मृतक की शिनाख्त देवास के राजाराम नगर निवासी महेंद्र सिंह सिसोदिया के रूप में हुई। रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार, शव की तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक पर्ची मिली थी। इस पर्ची पर परिजनों का मोबाइल नंबर दर्ज था, जिसके आधार पर पुलिस ने उनसे संपर्क किया और शव की पहचान सुनिश्चित की। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, महेंद्र सिंह सिसोदिया 14 जुलाई को अपने घर से निकले थे। इसके बाद वे नागदा क्षेत्र में अपने माता-पिता से मिलने गए थे। बताया जा रहा है कि वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वे वापस घर नहीं लौटे। चार दिन बाद उनका शव रेलवे माल गोदाम के पास मिला। पुलिस को घटनास्थल से जहर की कुछ पुड़िया भी मिली हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।