Thursday, 2 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · उत्तराखंड

Monsoon Rain: अगले 48 घंटे में जमकर बरसेंगे बदरा, देहरादून और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट

INT News1 July 2026 at 06:06 pm

Monsoon Rain: उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून की जोरदार बारिश हो रही है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक-दो दिनों में मानसून राज्य के बचे हुए इलाकों को भी कवर कर लेगा. मौसम केंद्र के अनुसार बीदते 24 घंटों में कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. दंगोली में सबसे अधिक 98 मिमी बारिश हुई, जबकि कौसानी में 80 मिमी, पिथौरागढ़ में 68.3 मिमी, देहरादून में 62 मिमी, बनबसा और चंपावत में 61-61 मिमी, गरूड़ में 60 मिमी, कालसी में 50.5 मिमी, जागेश्वर में 48.5 मिमी और बागेश्वर में 26.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.

देहरादून और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बुधवार (1 जुलाई) को देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, दो जुलाई के लिए टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और हरिद्वार जिलों में भारी बारिश की आशंका के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है.

तापमान में आएगी गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार, गढ़वाल क्षेत्र में अगले एक-दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. देहरादून में बुधवार को न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य श्रेणी में है.

प्रशासन अलर्ट मोड पर, जिलाधिकारियों को निर्देश

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. निर्देशों में संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, राहत और बचाव दलों को हाई अलर्ट पर रखना और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करना शामिल है.

ट्रेकिंग और स्कूलों को लेकर भी निर्देश

प्रशासन ने जिलाधिकारियों को पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम की स्थिति के अनुसार ट्रेकिंग गतिविधियों पर जरूरी प्रतिबंध लगाने और विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. इस बीच, बागेश्वर जिले में बारिश की संभावना को देखते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बुधवार को बंद रखा गया.

Also Read: मानसून की रफ्तार पड़ेगी धीमी, जुलाई में LPA का सिर्फ 94% बारिश का अनुमान