Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · दिल्ली

जम्मू-कश्मीर पर OIC की टिप्पणी को लेकर MEA ने लगाई फटकार, कहा- भारत को नसीहत देने से पहले पाकिस्तान को संभालें

INT News24 September 2026 at 11:16 am

जम्मू-कश्मीर को लेकर इस्लामिक सहयोग संगठन यानी OIC की टिप्पणी पर भारत ने कड़ा जवाब दिया है. विदेश मंत्रालय ने OIC के संयुक्त बयान को भारत के संदर्भों में ‘अनुचित और तथ्यात्मक रूप से गलत’ बताया. भारत ने साफ कहा कि OIC को भारत के उन मामलों पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है, जिन्हें नई दिल्ली अपना आंतरिक मामला मानता है.

OIC की टिप्पणी पर भारत का जवाब

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न हिस्सा है. मंत्रालय ने कहा कि ओआईसी की ओर से बार-बार एक ही तरह की राजनीतिक टिप्पणियां किए जाने से संगठन की विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं.

भारत ने यह भी कहा कि OIC को पाकिस्तान को भारत के खिलाफ अपनी बात रखने के लिए मंच देने के बजाय उसे सलाह देनी चाहिए. विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को समर्थन देने और उसके नियंत्रण वाले इलाकों से आतंकवादी गतिविधियों के खतरे का आरोप लगाया.

ये भी पढ़ें: नहीं सुधरेगा पाकिस्तान...UN में भारत के खिलाफ कर रहा था साजिश! MEA ने ऐसे किया बेनकाब

न्यूयॉर्क में हुई OIC समूह की बैठक

OIC के जम्मू-कश्मीर संपर्क समूह की बैठक 21 सितंबर को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र से इतर हुई थी.

ओआईसी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि संगठन कश्मीर के लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार का समर्थन करता है. उसने क्षेत्र में मानवीय स्थिति, मानवाधिकार और सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई. OIC ने 2019 के बाद भारत की ओर से उठाए गए कदमों को वापस लेने की मांग दोहराई.

संगठन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के कश्मीर से जुड़े प्रस्तावों का भी हवाला दिया और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय एजेंडे पर बनाए रखने की अपील की. हालांकि भारत ने इन टिप्पणियों को खारिज कर दिया है.

ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में महिलाओं का हाल बेहाल, WEF ने खोली पोल; बराबरी और मौके मामले में 143वें नंबर पर,जानें कहां है भारत

OIC समूह में कौन-कौन से देश?

OIC के जम्मू-कश्मीर संपर्क समूह में पाकिस्तान के साथ तुर्किये, सऊदी अरब, अजरबैजान और नाइजर शामिल हैं. बैठक में पाकिस्तान की ओर से जम्मू-कश्मीर के मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाने और OIC के सदस्य देशों से एकजुट रुख बनाए रखने की अपील की गई.