Friday, 3 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

50 मीटर तक बाइक को घसीटते ले गई कार:हाईवे पर टक्कर में झाड़ियों में गिरे युवक-महिला; गंभीर हालत में झालावाड़ रेफर

INT News2 July 2026 at 10:03 pm

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में गुरुवार शाम नेशनल हाईवे-52 पर एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार युवक और महिला को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार लखन जोशी और संगीता बाई मोगिया गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद झालावाड़ रेफर किया गया है। नाहरदा मंदिर के समीप हुई यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बाइक समेत दोनों सवारों को करीब 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद दोनों सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, नाहरदा बड़ली निवासी संगीता बाई मोगिया (24) अपनी बहन को बस में बैठाने के लिए झालावाड़ नाके तक गई थीं। वापसी में उनकी मुलाकात परिचित लखन जोशी से हुई। संगीता ने लखन से उन्हें बाइक पर घर छोड़ने का आग्रह किया था। बताया जा रहा है कि जब दोनों नाहरदा मंदिर के समीप हाईवे पार कर रहे थे, तभी राजगढ़ की ओर से राजस्थान की तरफ जा रही अज्ञात कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां से गुजर रही एंबुलेंस को रुकवाकर घायलों को तत्काल खिलचीपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए झालावाड़ रेफर कर दिया। हादसे में लखन जोशी और संगीता बाई मोगिया के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।