Monday, 20 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

हरदा में भांजे और बेटे ने की चोरी, पकड़ाए:चांदी की पायल, कड़ा समेत 20 हजार रुपए चुराए थे; बेटे का इलाज कराने गए मकान मालिक

INT News19 July 2026 at 03:57 pm

हरदा पुलिस ने 14 जुलाई की रात मंगल होम कॉलोनी में हुई चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आपस में चचेरे भाई हैं। उन्हें आज कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, मंगल होम कॉलोनी निवासी कमलेश पिता गोपाल लुनिया (38) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे अपने बेटे रुद्र के इलाज के लिए इंदौर गए थे। इस दौरान उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने दो जोड़ी चांदी के पायल, एक जोड़ी चांदी के कड़े और 20 हजार रुपये नकद चुरा लिए थे। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से शहर के यादव छात्रावास के पास सकुर कॉलोनी निवासी काला उर्फ जसविंदर पिता अर्जुनसिंह सिकलीगर (24) और उसकी बुआ के बेटे राहुल पिता सुल्तान सिंह खींची (23), निवासी बंगाली कॉलोनी, ब्रिज के नीचे, नर्मदापुरम को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने आरोपियों से चोरी किए गए आभूषण, 10 हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर गाड़ी जब्त की है। कुल जब्त मशरूका की कीमत एक लाख बीस हजार रुपये बताई गई है। जानकारी के अनुसार, नर्मदापुरम निवासी राहुल खींची 14 जुलाई को अपने मामा के यहां मुर्गा पूजा में शामिल होने हरदा आया था, जिसके बाद उसने उसी दिन रात 3 बजे के आसपास अपने मामा के बेटे जसविंदर के साथ मिलकर चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी में एएसआई रामभोग शर्मा, भगवानदास यादव, आरक्षक प्रदीप मालवीय, नीलेश पटेल, वीरेंद्र राजपूत, रामनरेश और साइबर सेल की टीम की विशेष भूमिका रही।