समाचार · बिहार
गोपालगंज में बनेगा अयोध्या के राम मंदिर जैसा भव्य पंडाल, भोरे में शारदीय नवरात्र की तैयारियां तेज

Gopalganj News : भोरे प्रखंड मुख्यालय के थाना रोड में इस वर्ष शारदीय नवरात्र के दौरान अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर के प्रारूप का पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा. पूजा आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए आयोजक मंडल की महत्वपूर्ण बैठक पूजा स्थल पर हुई. इसमें पंडाल निर्माण से लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था तक की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गयी.
राम मंदिर के स्वरूप में तैयार होगा पूजा पंडाल
पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि पंडाल को अयोध्या के श्रीराम मंदिर का जीवंत स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए बंगाल के साथ स्थानीय दक्ष कारीगरों को निर्माण की जिम्मेदारी दी गयी है. पंडाल को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है.
देवी-देवताओं की प्रतिमाओं पर भी विशेष तैयारी
मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को आकर्षक स्वरूप देने के लिए प्रसिद्ध मूर्तिकार दिन-रात काम कर रहे हैं. समिति की कोशिश है कि पूजा स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को भव्य सजावट और प्रतिमाओं के साथ बेहतर धार्मिक माहौल मिल सके.
महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश-निकास
संभावित भीड़ को देखते हुए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाने की रूपरेखा तय की गयी है. मुख्य मार्गों पर तोरण द्वार बनाये जायेंगे. पूजा स्थल और आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था भी की जायेगी.
प्रशासन के समन्वय से संभालेंगे व्यवस्था
पूजा समिति के स्वयंसेवक प्रशासन के साथ समन्वय कर विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे. बैठक में सभी सदस्यों ने शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न कराने का संकल्प लिया.
बैठक में बबलू द्विवेदी, डॉ. आशीष कुमार, डॉ. मिथिलेश कुमार, मैनेजर यादव, चंदन यादव, पारस सिंह, अजय त्रिपाठी और प्रेम नारायण वर्मा सहित कई गणमान्य लोग और समिति के सदस्य मौजूद रहे.