national · दिल्ली
Delhi Weather: बारिश के बाद फिर बढ़ेगा दिल्ली का पारा, 1 अक्टूबर से तापमान बढ़ने के आसार

Delhi Weather : मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दिल्ली के कई इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से कम रहा. कुछ जगहों पर तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक कम दर्ज किया गया. वहीं, कई इलाकों में यह 3 से 5 डिग्री और कुछ जगहों पर 1.6 से 3 डिग्री तक कम रहा. रात के तापमान में भी कुछ इलाकों में 3 से 5 डिग्री की कमी दर्ज की गई, जबकि बाकी जगहों पर तापमान सामान्य रहा. हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति जल्द ही बदलने वाली है, खासकर एक अक्टूबर से, जब दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की उम्मीद है.
आईएमडी ने कहा कि अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के आसपास बने मौसम के सिस्टम के कारण दिल्ली और आसपास के इलाकों में तापमान गिर गया था. इन मौसमी सिस्टम की वजह से बारिश हुई, जिससे मौसम ठंडा हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली.
ये भी पढ़ें: IMD Weather Alert: बिहार-यूपी से दिल्ली और दक्षिण भारत तक बारिश का दौर, कई राज्यों में आंधी-बिजली की चेतावनी
दिल्ली-NCR में 30 सितंबर तक बारिश का दौर
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों में 28 और 29 सितंबर को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक और बिजली भी गिरने की संभावना है. हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 से 30 सितंबर तक बारिश हो सकती है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान में 28 सितंबर को बारिश की संभावना है. दक्षिण-पश्चिम मानसून 23 सितंबर को दिल्ली से विदा हो चुका है.
पश्चिमी विक्षोभ के बाद अल नीनो बढ़ा सकता है तापमान
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम का असर खत्म होने के बाद दिल्ली में तापमान बढ़ सकता है. मौसम पर अल नीनो का भी असर पड़ सकता है. अल नीनो प्रशांत महासागर के पानी के तापमान में होने वाला बदलाव है, जिसका असर दुनिया के मौसम पर पड़ता है. आमतौर पर अल नीनो के दौरान गर्मी बढ़ने की संभावना रहती है, जबकि इसके उलट ला नीना के दौरान मौसम ठंडा रहने की संभावना होती है.