Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तराखंड

‘ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करो’; देहरादून में गुस्साए कांग्रेसी पुलिस से भिड़े

INT News25 September 2026 at 01:19 pm

देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा शुक्रवार को सड़कों पर फूट पड़ा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर दर्जनों वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सचिवालय कूच किया। हालांकि, पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए कांग्रेसियों को सचिवालय से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया, जिसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए।​प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार, भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। माहौल उस समय और तनावपूर्ण हो गया जब कई कार्यकर्ता पुलिस बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।​इस विशाल विरोध-प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, करन मेहरा, गोविंद सिंह कुंजवाल, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक विक्रम सिंह नेगी सहित कई दिग्गज नेता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।कांग्रेस की चेतावनी​धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक लाभ के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने चेतावनी दी कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल बर्खास्त नहीं किया जाता है तो कांग्रेस इस आंदोलन को प्रदेश के कोने-कोने तक ले जाएगी और उग्र प्रदर्शन करेगी।