समाचार · बिहार
साहेबगंज में हर्ष फायरिंग का खुलासा, गार्ड गिरफ्तार; लूटकांड के तीन शातिर भी दबोचे गए

Muzaffarpur Crime News: मुजफ्फरपुर के साहेबगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो चर्चित मामलों का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है. शादी समारोह में हुई हर्ष फायरिंग के मामले में निजी गार्ड को गिरफ्तार किया गया है. वहीं हथियार के बल पर हुई लूटकांड में भी तीन आरोपियों को दबोच लिया गया है.
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने प्रेसवार्ता में दोनों मामलों की जानकारी दी.
ये भी पढ़ें: पत्नी की याद में पति ने बनवाया 25 लाख का मंदिर, जयपुर से मंगाई प्रतिमा, वैदिक मंत्रों के बीच प्राण प्रतिष्ठा
शादी समारोह में चली थी गोली, तीन लोग हुए थे घायल
पुलिस के अनुसार, 29 जून की रात परसौनी जहांगीर गांव में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग हुई थी. इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने फायरिंग करने वाले निजी गार्ड राम किशोर मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया. घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी राइफल भी बरामद कर ली गई है.
रिटायर्ड प्रोफेसर की राइफल से हुई फायरिंग
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार गार्ड मिठनपुरा स्थित नारायणी गर्ल्स हॉस्टल में सुरक्षाकर्मी है.
पुलिस के मुताबिक, जिस लाइसेंसी राइफल से फायरिंग हुई वह हॉस्टल के मालिक और रिटायर्ड प्रोफेसर रमेंद्र सिंह के नाम पर है. दोनों शादी समारोह में मौजूद थे.
पुलिस का दावा है कि गार्ड ने प्रोफेसर की शह और सहयोग से हर्ष फायरिंग की. राइफल जब्त कर ली गई है और हथियार का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. फरार प्रोफेसर की तलाश में छापेमारी जारी है.
ये भी पढ़ें: कहीं आपकी खरीदी हुई पुरानी गाड़ी चोरी की तो नहीं? खरीदने से पहले जरूर करें ये काम, नहीं तो पड़ सकते हैं कानूनी लफड़े में
29 मई के लूटकांड का भी हुआ खुलासा
साहेबगंज पुलिस ने 29 मई को लोदिया गांव के पास हुई लूट की घटना का भी खुलासा किया है.
इस मामले में पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले अनुप कुमार, प्रमोद कुमार और रविन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया गया है.
बाइक और मोबाइल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों ने रामपुर खजुरिया निवासी शमशाद आलम से हथियार के बल पर बाइक और मोबाइल लूटने की बात पूछताछ में स्वीकार की है.
पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर पूर्वी चंपारण में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया.
फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है. वहीं दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
ये भी पढ़ें: बिहार के इस जिले में सबसे ज्यादा प्रेम में धोखे की शिकार होती लड़कियां, महिला थाने में दर्ज आंकड़ों से खुलासा