Thursday, 16 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पश्चिम बंगाल

महिला से छेड़छाड़ और जबरन घर में घुसने के आरोप में तृणमूल नेता गौर टुडू गिरफ्तार

INT News16 July 2026 at 12:11 am

बांकुड़ा से प्रणव वैरागी की रिपोर्ट

TMC Leader Arrest: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के प्रभावशाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता गौर टुडू को एक महिला से छेड़छाड़ करने, मारपीट की धमकी देने और जबरन उसके घर में घुसने के आरोपों में रानीबांध थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी नेता को खातड़ा महकमा अदालत में पेश किया.

महिला की लिखित शिकायत पर हुई त्वरित कार्रवाई

रानीबांध थाना पुलिस ने बताया कि महिला ने मंगलवार को गौर टुडू के खिलाफ थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज करायी थी. उसका आरोप है कि तृणमूल नेता गौर टुडू उनके घर में जबरन घुस आये. इसके बाद आरोपी ने उनके साथ अश्लील हरकतें (छेड़छाड़) कीं. जब महिला ने इसका विरोध किया, तो नेता ने मारपीट की धमकी दी. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नेता को दबोच लिया.

भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी गौर टुडू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी पर धारा 329(4) (जबरन घर में घुसना), धारा 74 (महिला की शालीनता को ठेस पहुंचाना/छेड़छाड़) और धारा 351(2) (आपराधिक धमकी देना) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

ये भी पढ़ें: बंगाल के पुरुलिया में तृणमूल नेता की जेल यात्रा जारी, सुजॉय–सद्दाम के बाद अब गौरव सिंह और तुषार अवस्थी भी गिरफ्तार

पहले भी विवादों में रहे हैं गौर टुडू

गौर टुडू की गिनती जंगलमहल क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के बेहद प्रभावशाली और रसूखदार नेताओं में होती है. उनकी पत्नी बिभावती टुडू बांकुड़ा जिला परिषद की सदस्य हैं. यह पहली बार नहीं है जब गौर टुडू विवादों में घिरे हैं. इसके पहले उन पर स्कूल की सरकारी जमीन पर कब्जा करके आलीशान मकान बनाने के आरोप लग चुके हैं.