समाचार · मध्य प्रदेश
खंडवा में अजगर ने बकरी के बच्चे को बनाया शिकार:जकड़कर कुंडली बनाई फिर निगला, लोगों ने वीडियो बनाया
खंडवा जिले के धनगांव थाना क्षेत्र के चिचगोहन गांव के पास लाल तलाई क्षेत्र में एक विशाल अजगर द्वारा बकरी के बच्चे का शिकार करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो किसी ग्रामीण ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। वीडियो में अजगर बकरी के बच्चे को धीरे-धीरे निगलता हुआ दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि लाल तलाई क्षेत्र में पिछले कई दिनों से इस विशाल अजगर की मौजूदगी देखी जा रही थी। बकरी के बच्चे को कुंडली में जकड़ा ग्रामीणों के अनुसार, अजगर पहले भी जंगल के छोटे वन्यजीवों के साथ पालतू पशुओं का शिकार कर चुका है। शनिवार को उसने एक बकरी के बच्चे पर हमला किया। पहले उसे अपनी कुंडली में जकड़ा और फिर धीरे-धीरे निगलना शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हालांकि, अजगर के बड़े आकार और आक्रामक व्यवहार को देखकर कोई उसके पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। ग्रामीण बोले- बच्चों के लिए खतरा घटना के बाद चिचगोहन और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अजगर आबादी के आसपास घूमता रहा तो पालतू पशुओं के साथ-साथ लोगों, खासकर बच्चों के लिए भी खतरा बढ़ सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे घने जंगल में छोड़ने की मांग की है। वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं ग्रामीणों का दावा है कि वायरल वीडियो चिचगोहन गांव के लाल तलाई क्षेत्र का है। हालांकि, वन विभाग या प्रशासन ने अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।