Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

आखिर ऐसा क्या हुआ कि बाहर से बंद थी कुंडी,अंदर खून से लथपथ मिला साधु का शव... आगरा में मौत बनी पहेली

INT News25 September 2026 at 10:38 pm

UP Crime News: आगरा के अछनेरा में एक साधु की संदिग्ध मौत ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. गांव के बाहर कमरे में 45 वर्षीय धर्मवीर का खून से लथपथ शव मिला. हैरानी की बात यह थी कि कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी और पास में खून से सनी ईंट पड़ी थी. आखिर कमरे के अंदर ऐसा क्या हुआ था? पुलिस अब इसी सवाल का जवाब तलाश रही है.

रोज गांव आने वाला धर्मवीर शुक्रवार को नहीं पहुंचा

अछनेरा थाना क्षेत्र के सहाई गांव में धर्मवीर गांव के बाहर एक प्लॉट पर बने कमरे में रहते थे. शुक्रवार सुबह वह रोज की तरह गांव नहीं पहुंचे. यह देखकर उनके भतीजे सौरभ सोलंकी को शक हुआ. वह उन्हें देखने प्लॉट पर पहुंचे. कमरे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी. सौरभ ने मोबाइल पर धर्मवीर से संपर्क करने की कोशिश की. फोन की घंटी कमरे के अंदर से सुनाई दी. इसके बाद वह छत के रास्ते कमरे के अंदर पहुंचे. वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए. धर्मवीर खून से लथपथ हालत में मृत पड़े थे.

पास पड़ी थी खून से सनी ईंट

धर्मवीर के सिर और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं. कमरे के पास खून से सनी ईंट भी बरामद हुई है. ईंट से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस ने अभी इसे वारदात में इस्तेमाल हथियार के तौर पर पुष्टि नहीं की है. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.

बाहर से कुंडी किसने लगाई?

मामले में सबसे ज्यादा हैरानी कमरे की कुंडी को लेकर है. परिजनों के मुताबिक, कुंडी बाहर से लगी थी. वहीं मुख्य गेट अंदर से बंद होने की बात भी सामने आई है. अब पुलिस के सामने कई सवाल हैं. अगर कमरे के अंदर वारदात हुई, तो आरोपी बाहर कैसे निकला? बाहर से कुंडी किसने लगाई? क्या धर्मवीर किसी परिचित से मिलने के बाद कमरे में गए थे? या फिर इस घटना के पीछे कोई और वजह है? फिलहाल इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा.

पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी पहुंचा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया. टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के इलाके की जांच की.

कुछ महीने पहले मां की मौत के बाद बदल गया था जीवन

परिजनों के मुताबिक, धर्मवीर अविवाहित थे. कुछ महीने पहले उनकी मां का निधन हुआ था. इसके बाद वह आध्यात्मिक जीवन में ज्यादा रम गए थे. वह मंदिर की सेवा करते थे. भजन-कीर्तन में शामिल होते थे. रोज गांव की परिक्रमा भी करते थे. कुछ समय पहले उन्होंने संन्यास ले लिया था.

आध्यात्मिक जीवन के साथ करते थे प्रॉपर्टी का काम

धर्मवीर प्रॉपर्टी से जुड़े काम भी करते थे. हालांकि, उनकी संदिग्ध मौत के पीछे संपत्ति विवाद था या कोई दूसरी वजह, अभी इसका पता नहीं चल सका है. पुलिस हत्या की आशंका समेत सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्य, फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की तस्वीर साफ होगी. फिलहाल इस मामले का सबसे बड़ा रहस्य यही है—कमरे में धर्मवीर की मौत कैसे हुई और बाहर से कुंडी आखिर किसने लगाई?

Also Read: कार की टक्कर के बाद चौराहे पर हंगामा, युवती ने जड़े थप्पड़ तो भाई ने तोड़ा शीशा; फिर हुई मारपीट, VIDEO वायरल