Monday, 13 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

भोपाल में रिवॉल्वर छीनकर किसान को मारी गोली, VIDEO:पैर को चीरते निकली बुलेट; थार हटाने के लिए हॉर्न बजाने पर भड़के 3 युवक

INT News12 July 2026 at 10:26 pm

भोपाल के मिसरोद इलाके में किसान को गोली मारने का CCTV सामने आया है। वीडियो में तीन युवक पहले किसान से मारपीट करते हैं, फिर उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर छीनकर दो फायर कर देते हैं। एक गोली किसान के पैर को चीरते हुए निकल जाती है, जबकि दूसरी मिस हो जाती है। घटना शनिवार देर रात सागर रॉयल होम्स की है। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। CCTV में क्या दिखा वीडियो में किसान हरीश कुमार राय स्कॉर्पियो से सोसाइटी के गेट पर पहुंचते दिखाई देते हैं। गेट पर एक थार खड़ी होने से रास्ता बंद मिलता है। इसके बाद वह दूसरे गेट से पार्किंग में पहुंचते हैं। कुछ ही देर में थार सवार तीन युवक भी वहां पहुंच जाते हैं और बहस शुरू हो जाती है। विवाद बढ़ने पर तीनों किसान से मारपीट करते हैं। इसी दौरान उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर छीन ली जाती है और दो फायर किए जाते हैं। एक गोली किसान के पैर में लगती है, जबकि दूसरा फायर खाली चला जाता है। पूरी वारदात CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। हॉर्न बजाने से शुरू हुआ विवाद मिसरोद थाना प्रभारी विमलेश राय के मुताबिक, सागर रॉयल होम्स निवासी 33 वर्षीय हरीश कुमार राय शनिवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच घर लौटे थे। मुख्य गेट पर हर्षित पटेल की थार खड़ी थी, जिसमें हर्षित, अनुभव चौबे और लोकेश रघुवंशी बैठे थे। हरीश ने रास्ता खाली कराने के लिए कई बार हॉर्न बजाया, लेकिन थार नहीं हटाई गई। इसके बाद वह दूसरे गेट से पार्किंग में पहुंचे। आरोप है कि तीनों युवक भी वहां पहुंचे और गेट पर वाहन खड़ा करने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। डंडों से पीटा, फिर रिवॉल्वर छीनी

कहासुनी के बाद आरोपियों ने डंडों से किसान की पिटाई की। इसी दौरान हर्षित ने हरीश की लाइसेंसी रिवॉल्वर छीन ली और दो फायर कर दिए। एक गोली बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी, जिससे पैर में फ्रैक्चर हो गया। दूसरी गोली निशाने से चूक गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल से दो खाली कारतूस बरामद किए गए। तीनों आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

पुलिस ने हर्षित पटेल (21), अनुभव चौबे (19) और लोकेश रघुवंशी (24) को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। कोर्ट में पेश करने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। घायल किसान का अस्पताल में इलाज जारी है।