समाचार · मध्य प्रदेश
शादीशुदा व्यक्ति और नाबालिग के शव पेड़ पर लटके मिले:धार के डही में सरपंच के बताने पर पहुंची पुलिस; प्रेम-प्रसंग के एंगल से जांच
धार जिले के डही थाना क्षेत्र के ग्राम बलवानी दवानीपुरा में एक सुनसान पहाड़ी रास्ते पर बबूल के पेड़ से एक युवक और एक युवती के शव एक ही फंदे पर लटके मिले। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बलवानी के सरपंच अर्जुन सिंह रनदा ने तत्काल डही पुलिस को सूचना दी। पुलिस दल मौके पर पहुंचा, दोनों शवों को नीचे उतरवाया और प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस जांच में युवक की पहचान ग्राम बलवानी निवासी 22 वर्षीय वीरेंद्र पिता सुखराम जामोद के रूप में हुई। वीरेंद्र शादीशुदा था और उसकी एक छोटी बेटी भी है। वहीं, युवती की पहचान ग्राम अराडा निवासी 16 वर्षीय लीला पिता रामलाल मानकर के रूप में हुई, जो अविवाहित थी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डही अस्पताल भेजा गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। डही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।