Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

गया जी में पितृपक्ष महासंगम 2026 का आगाज, CM सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन; विष्णुपद में 7 मिनट तक की पूजा

INT News25 September 2026 at 06:12 pm

Pitru Paksha Mela 2026 : ज्ञान और मोक्ष की भूमि गया जी में विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष महासंगम 2026 का शुक्रवार को विधिवत आगाज हुआ. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गांधी मैदान स्थित टेंट सिटी में आयोजित समारोह में पितृपक्ष मेले का उद्घाटन किया. उद्घाटन समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ हुई. शनिवार से गया जी में पिंडदान और तर्पण का विधिवत कार्यक्रम शुरू होगा.

पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से श्रद्धालु गया जी पहुंचेंगे. श्रद्धालु विष्णुपद मंदिर सहित विभिन्न पिंडवेदी स्थलों और फल्गु नदी के तट पर पिंडदान, तर्पण और श्राद्ध कर्म करेंगे.

उद्घाटन से पहले विष्णुपद मंदिर पहुंचे सीएम

पितृपक्ष मेला महासंगम के उद्घाटन समारोह में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का काफिला शुक्रवार दोपहर करीब 1:04 बजे सीधे विष्णुपद मंदिर पहुंचा. यहां मंदिर प्रबंधन समिति से जुड़े लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुपद मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे.

गर्भगृह में सात मिनट तक की पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करीब सात मिनट तक गर्भगृह में रहे. इस दौरान उन्होंने भगवान श्री विष्णु चरण, माता लक्ष्मी और मंदिर में स्थापित अन्य देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की. उन्होंने तुलसी अर्चना के साथ दूध, दही और जल से भगवान विष्णु के चरण का अभिषेक किया.

पितृपक्ष से जुड़ी सभी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री ने रामचंद्र गुर्दा और मंदिर के पुजारी प्रवीन पाठक के निर्देशन में पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने अपने, परिवार और राज्य के लिए मंगल कामना की. पूजा के बाद मुख्यमंत्री करीब 1:11 बजे गर्भगृह से बाहर निकले.

मंदिर समिति ने सीएम का किया स्वागत

गर्भगृह से निकलने के बाद मुख्यमंत्री ने सभा मंडप में उत्तरादि मठ के मौजूद शिष्यों से मुलाकात की. इसके बाद मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शंभू लाल विट्ठल, सदस्य मणिलाल बारिक और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार सहित मौजूद गणमान्य लोगों का अंगवस्त्र और भगवान श्री विष्णु चरण चिह्न देकर स्वागत किया.

देवघाट और मेला क्षेत्र की व्यवस्था भी देखी

विष्णुपद मंदिर में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री का काफिला करीब 1:14 बजे देवघाट के लिए रवाना हुआ. यहां उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से पितृपक्ष मेले को लेकर की गई तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक वाहन से विष्णुपद के पश्चिमी तट स्थित अन्य घाटों का भी भ्रमण किया.

Also Read : पितृपक्ष में श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा, पुनपुन घाट और अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर 17 ट्रेनों को मिलेगा 2 मिनट का ठहराव

इसके बाद मुख्यमंत्री गांधी मैदान स्थित टेंट सिटी पहुंचे, जहां पितृपक्ष महासंगम 2026 के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए.

उद्घाटन समारोह में कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव व विजय कुमार चौधरी, कृषि मंत्री डॉ. विजय कुमार सिन्हा, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल, सांसद अभय कुशवाहा सहित कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

Also Read : पितृपक्ष मेले का उद्घाटन करेंगे CM सम्राट, गया जी आनेवालों को पिंडदान-होटल-इमरजेंसी की जानकारी एक क्लिक पर मिलेगी

इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, उपाध्यक्ष डॉ. शीतल प्रसाद यादव, मेयर गणेश पासवान, मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. सफीना एएन, आईजी विकास वैभव, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, एसएसपी सुनील कुमार सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे.