entertainment
बाली में हादसा, फिर एयर एम्बुलेंस से मुंबई, नुसरत भरूचा की स्ट्रेचर पर लौटने की आई नौबत, अब होगी स्पाइन सर्जरी

अभी हफ्ते भर पहले की ही बात है. बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा नुसरत भरूचा ने अपने सोशल मीडिया पर एक प्यारी सी तस्वीर शेयर की थी. आंखों पर रंगीन चश्मा, चेहरे पर बेफिक्र मुस्कान और कैप्शन में लिखा था- "छुट्टियों का खुमार सिर पर है अब आगे कहां जाऊं?"
लेकिन किसे मालूम था कि बाली के खूबसूरत समुद्र किनारे अपनी छुट्टियों और काम का मजा लेने पहुंची नुसरत के साथ वहां एक ऐसा खौफनाक हादसा हो जाएगा, जो उनके चाहने वालों के रोंगटे खड़े कर देगा.
बाली के अस्पताल से मुंबई तक का वो दर्दनाक सफर
बाली में एक भयानक एक्सीडेंट का शिकार होने के बाद नुसरत भरूचा की रीढ़ की हड्डी में गंभीर फ्रैक्चर आ गया. हादसे के तुरंत बाद उन्हें बाली के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन हालत की गंभीरता को देखते हुए देर रात उन्हें एयर एम्बुलेंस के जरिए इमरजेंसी में इंडोनेशिया से मुंबई लाया गया.
View on Instagram
2 अक्टूबर की रात जब मुंबई के अस्पताल के बाहर एम्बुलेंस का दरवाजा खुला, तो वहां मौजूद हर शख्स का दिल बैठ गया. नुसरत को स्ट्रेचर पर लादकर अंदर ले जाया जा रहा था. उनके आसपास उनकी मां और परिवार के लोग आंखों में आंसू लिए उन्हें संभाले खड़े थे. सोशल मीडिया पर नुसरत को स्ट्रेचर पर ले जाने का वीडियो तेजी से वायरल हो गया है.
डॉक्टर करेंगे रीढ़ की हड्डी की सर्जरी
नुसरत के पब्लिशिस्ट ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि अभिनेत्री की स्पाइन सर्जरी होने वाली है. बयान में कहा गया:
"इस वक्त हमारी सबसे पहली प्राथमिकता नुसरत की सेहत और उन्हें सही इलाज देना है. हम आप सभी से गुजारिश करते हैं कि इस मुश्किल घड़ी में हमारी प्राइवेसी का ख्याल रखें और उनके जल्द ठीक होने की दुआ करें."
टाइगर श्रॉफ के साथ नए प्रोजेक्ट से ठीक पहले आई आफत
नुसरत के साथ यह हादसा उस वक्त हुआ है जब उनके करियर में एक नया और बड़ा मोड़ आने वाला था. खबरें थीं कि नुसरत जल्द ही टाइगर श्रॉफ के साथ एक बड़ी एक्शन-ड्रामा फिल्म में नजर आने वाली थीं. इस फिल्म से मशहूर बिजनेसमैन विक्की जैन भी बतौर प्रोड्यूसर डेब्यू कर रहे हैं.
'प्यार का पंचनामा', 'सोनू के टीटू की स्वीटी' और 'छोरी' जैसी फिल्मों से अपनी पहचान बनाने वाली नुसरत के करियर के इस मुकाम पर ऐसा हादसा होना उनके फैंस के लिए बहुत बड़ा झटका है. फिलहाल पूरे बॉलीवुड और उनके करोड़ों फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: बाली में मौत को छूकर निकलीं नुसरत भरूचा, खौफनाक एक्सीडेंट के बाद अस्पताल में भर्ती
ये भी पढ़ें: हॉलिडे मनाने गईं और हो गया एक्सीडेंट... स्पाइन फ्रैक्चर के बाद एयर एंबुलेंस से लौट रहीं नुसरत भरूचा, काम-काज ठप