समाचार · पंजाब
CM मान के बठिंडा आने से पहले किसानों का प्रदर्शन:DC-SSP आवास के बाहर डेरा; मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
मुख्यमंत्री भगवंत मान के बठिंडा पहुंचने से पहले भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहन ने जिले में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन से जुड़े किसानों ने डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान और SSP बठिंडा सुहैल कासिम मीर के आवास के बाहर पहुंचकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर रोष जताया। यूनियन के राज्य उपाध्यक्ष शिंगारा सिंह मान और हरजिंदर सिंह बग्गी ने बताया कि किसान पिछले सात दिनों से पूरे पंजाब में मिनी सचिवालयों के सामने धरना दे रहे हैं। उनका आरोप है कि प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहा है। किसानों की प्रमुख मांगों में नई कृषि नीति लागू करना, बीज बिल वापस लेना, अमेरिका-भारत व्यापार समझौते का विरोध और किसानों पर दर्ज पुराने पुलिस मामलों को रद्द करना शामिल है। यूनियन नेता बोले- सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई यूनियन नेताओं ने कहा कि सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। किसानों ने पहले ही प्रशासन को चेतावनी दी थी कि मुख्यमंत्री के बठिंडा पहुंचने से पहले वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसी के तहत उन्होंने DC और SSP के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। यूनियन नेताओं ने कहा कि पिछले किसान आंदोलन के दौरान दर्ज मामलों को रद्द करने समेत अन्य मांगों को लेकर प्रशासन से लगातार बातचीत की गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने और जरूरी कागजी कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा। खबर लिखे जाने तक मुख्यमंत्री बठिंडा नहीं पहुंचे थे। उनके आगमन को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।