समाचार · मध्य प्रदेश
क्रूड ऑयल के खाली टैंकर में वेल्डिंग से विस्फोट:खरगोन ने 500 मीटर दूर चरवाहे की मौत, ड्राइवर-वेल्डर की हालत गंभीर
खरगोन जिले में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर मगरखेड़ी के पास रविवार शाम एक खाली क्रूड ऑयल टैंकर में वेल्डिंग के दौरान भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में 500 मीटर दूर खड़े एक चरवाहे की मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक और वेल्डिंग कर रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान मगरखेड़ी निवासी भीम पिता भागीरथ रोकड़े (45) के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर हालत में ठीकरी जिला बड़वानी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घायलों में उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के भैंसाचौबे निवासी टैंकर चालक विनोद पिता श्रीराम (45) और बिहार निवासी वेल्डिंग कर रहा नितेश पिता हरिनाथ (35) शामिल हैं। सूचना मिलते ही खलटाका पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। बलकवाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान ने घटना की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने चरवाहे की मौत की पुष्टि की। विस्फोट का आधिकारिक कारण अभी सामने नहीं आया है, लेकिन शुरुआती तौर पर खाली क्रूड ऑयल टैंकर के अंदर गैस बनने की आशंका जताई जा रही है। टैंकर चालक विनोद के अनुसार, टैंकर आंध्र प्रदेश से क्रूड ऑयल लेकर झाबुआ के मेघनगर गया था और खाली कर लौटते समय यह हादसा हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि टैंकर के परखच्चे 500 मीटर दूर तक जा गिरे। आसपास खड़ी कारों और मकानों के कांच भी टूट गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टैंकर में वेल्डिंग का काम चल रहा था, तभी अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ब्लास्ट के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। स्थानीय निवासी शीतल ने बताया कि धमाका काफी तेज था और उनके घर के आसपास के दो दरवाजे टूट गए।