समाचार · मध्य प्रदेश
स्टूडेंट को डंडों से इतना पीटा, वो बेहोश हो गया:मुरैना में बीच सड़क पर नाबालिग को पीटने का VIDEO, प्रेम-प्रसंग का मामला
मुरैना में सुमावली थाना क्षेत्र के मेला ग्राउंड के पास एक नाबालिग छात्र की बीच सड़क पर बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। कोचिंग से लौट रहे छात्र को दो लोगों ने डंडों से इतना पीटा कि वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके पैर बांधकर सड़क किनारे पटक दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक एक आरोपी फरार हो चुका था, जबकि दूसरे को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। बीच सड़क छात्र को पीटा, भीड़ बनी रही तमाशबीन
घटना सुमावली कस्बे के मेला ग्राउंड के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्र को बीच सड़क पर डंडों से लगातार पीटा गया। वह रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी नहीं रुके। मारपीट इतनी गंभीर थी कि छात्र बेहोश हो गया। मौके पर मौजूद लोगों में से किसी ने वीडियो बना लिया और पुलिस को सूचना दी। प्रेम प्रसंग बना मारपीट की वजह
पुलिस जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है। बताया गया कि पीड़ित छात्र और आरोपियों की नाबालिग बेटी के बीच कोचिंग के दौरान पहचान हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। बुधवार 1 जुलाई को दोनों कोचिंग के बाद साथ चले गए थे। इस पर लड़की के परिजनों ने नूराबाद थाने में बेटी के गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी। करीब चार घंटे बाद दोनों सुमावली क्षेत्र में मिल गए। इसके बाद लड़की के परिजनों ने छात्र को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
नूराबाद थाना प्रभारी एसआई सौरभ पुरी ने बताया कि पहले नाबालिग लड़की के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, लेकिन बाद में वह मिल गई। वहीं सुमावली थाना प्रभारी एसआई रवि गुर्जर के मुताबिक छात्र की मारपीट के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा फरार है। उसकी तलाश जारी है।