समाचार · मध्य प्रदेश
9 वर्षीय धैर्या ने स्विमिंग में बनाया नया मुकाम:स्टेट चैंपियनशिप के अंडर-10 वर्ग में एक गोल्ड, दो सिल्वर समेत जीते पांच पदक
ग्वालियर की 9 वर्षीय नन्ही तैराक धैर्या साहू ने इंदौर में आयोजित 54वीं मध्य प्रदेश राज्य तैराकी प्रतियोगिता 2026 में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। धैर्या ने अंडर-10 बालिका वर्ग में असाधारण प्रदर्शन करते हुए कुल 5 पदक (मेडल) अपने नाम किए हैं। जिसमें एक गोल्ड, दो सिल्वर व दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। इस शानदार कामयाबी से धैर्या ने न सिर्फ ग्वालियर का नाम रोशन किया है, बल्कि वह प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए एक नई प्रेरणा बनकर उभरी हैं। कोच विनोद जाटव का रहा विशेष योगदान महज 9 साल की छोटी सी उम्र में स्टेट लेवल चैंपियनशिप की पांच अलग-अलग कैटेगरीज में पोडियम फिनिश करना धैर्या की कड़ी मेहनत, कड़े अनुशासन और पानी के प्रति उनके जुनून को दर्शाता है। धैर्या की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे उनके कोच विनोद जाटव का विशेष योगदान रहा है। कोच विनोद के कुशल मार्गदर्शन, बेहतरीन तकनीकी प्रशिक्षण और निरंतर दी गई प्रेरणा ने धैर्या को इस मुकाम तक पहुंचाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कोच बोले- धैर्या एक बेहद प्रतिभाशाली, एकाग्र और मेहनती खिलाड़ी हैं धैर्या के कोच विनोद कुमार ने कहा कि धैर्या एक बेहद प्रतिभाशाली, एकाग्र और मेहनती खिलाड़ी हैं। इतनी कम उम्र में उनकी खेल को लेकर समझ लाजवाब है। यदि उन्हें इसी तरह सही ट्रेनिंग, आधुनिक संसाधन और बेहतर अवसर मिलते रहे, तो वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश और भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का नाम रोशन कर सकती है। पिता ने का कहा- बेटी पर फर्क है धैर्या की इस सफलता पर उनके परिवार ने बेहद खुशी जाहिर की है। धैर्या के पिता कॉलोनाइजर अनिल साहू ने कहा कि धैर्या बचपन से ही लगातार तैराकी में अपना नाम कर रही है। परिजन ने इस बड़ी उपलब्धि का पूरा श्रेय कोच विनोद जाटव की कड़ी ट्रेनिंग, धैर्या के साथी खिलाड़ियों और सभी शुभचिंतकों को दिया है, जिन्होंने हर कदम पर इस नन्ही जलपरी का उत्साहवर्धन किया और उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।