sports
विराट कोहली से फोन पर हुई ऐसी बातचीत, फिर केन विलियमसन ने लिया संन्यास का फैसला

Kane Williamson Retirement: क्रिकेट के मैदान पर विराट कोहली और केन विलियमसन भले ही अलग-अलग देशों का प्रतिनिधित्व करते रहे हों, लेकिन दोनों के बीच दोस्ती काफी पुरानी है. अब न्यूजीलैंड के इस दिग्गज बल्लेबाज ने खुलासा किया है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले में विराट कोहली के साथ हुई बातचीत ने अहम भूमिका निभाई थी. विलियमसन ने बताया कि कोहली से बात करने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि अब क्रिकेट को अलविदा कहने का समय आ गया है.
विलियमसन ने इसी साल की शुरुआत में अपने 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर को विराम दिया था. उनके इस फैसले ने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया था. खास बात यह है कि वह टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे करने से महज कुछ कदम दूर रह गए. दिलचस्प रूप से कोहली भी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेते समय इस आंकड़े तक नहीं पहुंच पाए थे.
संन्यास से एक दिन पहले कोहली से हुई थी बात
केन विलियमसन ने 'बिटवीन द टू बियर्स' पॉडकास्ट में अपने संन्यास से जुड़े फैसले पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि इस बड़े फैसले से पहले उन्होंने उन लोगों से सलाह ली, जिनके साथ उनका करीबी रिश्ता है. इनमें विराट कोहली भी शामिल थे.
विलियमसन के मुताबिक, संन्यास की घोषणा से एक दिन पहले उनकी कोहली के साथ लंबी बातचीत हुई थी. इस दौरान दोनों ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के अनुभव साझा किए. उन्होंने कहा कि कोहली के साथ उनकी कई समानताएं रही हैं. दोनों ने लगभग एक ही दौर में क्रिकेट खेलना शुरू किया, लंबे समय तक कप्तानी की और करीब-करीब एक ही समय पर पिता भी बने.
ये भी पढ़ें: BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास पर FIR की नौबत क्यों आई? जन्मतिथि विवाद में कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला
विराट की इस बात ने बदल दिया विलियमसन का नजरिया
विलियमसन ने बताया कि विराट कोहली ने बातचीत के दौरान एक ऐसी बात कही, जिसने उन्हें अपने फैसले को लेकर सोचने पर मजबूर किया. कोहली ने समझाया था कि कई बार खिलाड़ी दर्शकों की उम्मीदों और उपलब्धियों के पीछे भागने लगते हैं. ऐसे में वे उस असली वजह को भूल जाते हैं, जिसके लिए उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया था.
विलियमसन ने कहा कि कोहली ने उनसे इस बारे में बात की कि कभी-कभी खिलाड़ी किसी लक्ष्य को हासिल करने या किसी चीज को पकड़े रखने के लिए खेलते रहते हैं, जबकि यह उनके खेल के प्रति वास्तविक जुनून से जुड़ा नहीं होता.
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ने कहा कि कोहली के साथ उनकी बातचीत काफी खास रही. दोनों ने उन अनुभवों और भावनाओं पर भी चर्चा की, जिन्हें आमतौर पर किसी के साथ साझा करना आसान नहीं होता. बातचीत खत्म होने के बाद जब उनकी पत्नी होटल के कमरे में आईं, तो उन्होंने उनसे कहा, 'अब समय आ गया है.'
टेस्ट में 10 हजार रन पूरे करने से चूक गए दोनों
केन विलियमसन और विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है. हालांकि, दोनों ही खिलाड़ी इस प्रारूप में 10 हजार रन का आंकड़ा छूने से पहले संन्यास ले चुके हैं.
विलियमसन ने अपने टेस्ट करियर में 101 मैच खेलकर 9515 रन बनाए. वहीं, विराट कोहली के नाम 123 टेस्ट मैचों में 9230 रन दर्ज हैं. विलियमसन ने वनडे क्रिकेट में 7256 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 2575 रन भी बनाए हैं. विलियमसन ने यह भी साफ किया कि टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे करना कभी उनका व्यक्तिगत लक्ष्य नहीं रहा. उनके मुताबिक, क्रिकेट खेलने की असली वजह किसी खास आंकड़े या रिकॉर्ड को हासिल करना नहीं होनी चाहिए.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: विराट कोहली ने खाता खोलते ही तोड़ा रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड, न्यूजीलैंड के खिलाफ रचा इतिहास