समाचार · हरियाणा
नारनौल में एक दिन तक उल्टा लहराता रहा तिरंगा:आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी का मामला, युवक की शिकायत पर SDM ने कराया ठीक
हरियाणा के नारनौल में नांगल चौधरी के गांव नांगल नूनिया में देश की आन, बान और शान माने जाने वाले राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के सम्मान से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहां स्थित आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा कथित रूप से उल्टा फहरा दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि झंडा फहराए जाने के बाद भी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों का इस ओर ध्यान नहीं गया। एक दिन व रात यह उल्टा ही डिस्पेंसरी की बिल्डिंग की छत पर फहराता रहा। अगले दिन गांव के एक युवक का ध्यान इस ओर गया तब इसको ठीक कराया गया। युवा की पड़ी नजर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान डिस्पेंसरी परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया था। इसके बाद पूरे दिन और अगले दिन तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी ने यह नहीं देखा कि तिरंगा उल्टी दिशा में लगा हुआ है। रविवार को जब एक जागरूक ग्रामीण युवा की नजर ध्वज पर पड़ी तो उसने तुरंत इस संबंध में जिला प्रशासन को सूचना दी। विभाग के कर्मचारी ने ठीक किया सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और संबंधित विभाग के एक कर्मचारी को मौके पर भेजा गया। कर्मचारी ने पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज को सही तरीके से दोबारा फहराया। इसके बाद मामला शांत हुआ, लेकिन इस घटना ने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज देश की अस्मिता और सम्मान का प्रतीक है। ऐसे में इसे फहराने के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करना प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस मामले की जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। एसडीएम ने कराया ठीक वहीं इस बारे में एसडीएम उदय सिंह ने बताया कि मीडिया के द्वारा ही इसकी जानकारी लगी है। जानकारी लगने पर उन्होंने वहां के अधिकारियों व कर्मचारियों से बात कर तुरंत ही झंडे को ठीक कराया।