समाचार · उत्तर प्रदेश
कौन थे श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी? निधन की खबर मिलते ही देवरिया पहुंचे CM योगी, जानिए पूरा राजनीतिक सफर

Shriprakash Mani Tripathi: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का देवरिया दौरा राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है. मुख्यमंत्री सोमवार को ही लखनऊ से सीधे जिले के बरपार गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व सांसद और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई. श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का आठ नवंबर 2026 को दिल्ली में निधन हुआ था. वह 91 वर्ष के थे. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश भी साझा किया था.
कौन थे श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी?
श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का जन्म देवरिया जिले के बरपार गांव में हुआ था. उन्होंने जून 1955 में भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया और लगभग चार दशक तक देश की सेवा की. उनके सैन्य जीवन में कई अहम जिम्मेदारियां शामिल रहीं. भारत-चीन युद्ध और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के समय भी उन्होंने सेवाएं दीं. बांग्लादेश मोर्चे पर उनकी भूमिका का उल्लेख विभिन्न रिपोर्टों में मिलता है. वह सेना में वरिष्ठ पदों तक पहुंचे, महत्वपूर्ण सैन्य जिम्मेदारियां संभालीं और 1992-93 में उप थलसेनाध्यक्ष रहे. उनके योगदान को कई राष्ट्रीय सम्मान मिले.
सेना के बाद राजनीति में रखा कदम, दो बार बने सांसद
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी को 1986 में अति विशिष्ट सेवा मेडल और 1992 में परम विशिष्ट सेवा मेडल प्रदान किया गया था. सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और भारतीय जनता पार्टी से जुड़ गए. वर्ष 1996 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें देवरिया से उम्मीदवार बनाया. उन्होंने जीत दर्ज कर इस सीट से पार्टी के पहले सांसद बनने का गौरव हासिल किया. हालांकि 1998 के चुनाव में उन्हें हार मिली, लेकिन 1999 में वह फिर लोकसभा पहुंचे और दोबारा सांसद बने.
शशांक मणि त्रिपाठी के पिता होने से भी जुड़ा राजनीतिक महत्व
श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के परिवार की राजनीतिक मौजूदगी आज भी देवरिया में बनी हुई है. उनके बेटे शशांक मणि त्रिपाठी वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं. उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में देवरिया सीट से जीत हासिल की थी. इस तरह पिता के सैन्य और राजनीतिक योगदान के बाद बेटे ने संसदीय राजनीति में परिवार की पहचान आगे बढ़ाई है. क्षेत्र में इस परिवार का असर माना जाता है. मुख्यमंत्री का शोक जताने पहुंचना इसलिए व्यक्तिगत संवेदना के साथ स्थानीय राजनीतिक संदर्भ में भी देखा जा रहा है.
योगी आदित्यनाथ और श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के बीच पहले भी थी मुलाकात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के बीच पहले भी मुलाकात हो चुकी थी. इसी वर्ष जून में देवरिया के एक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री अचानक उनके आवास पहुंचे थे. उस दौरान दोनों की मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई थीं. उस समय इस भेंट को क्षेत्र के वरिष्ठ नेता और सैन्य अधिकारी रहे व्यक्ति के प्रति सम्मान के तौर पर देखा गया था. अब निधन के बाद योगी का उनके पैतृक गांव पहुंचना पुराने संपर्क और पारिवारिक संबंधों की निरंतरता भी के रूप में भी चर्चा में है.
बीजेपी की ब्राह्मण राजनीति से कैसे जुड़ता है यह घटनाक्रम?
उत्तर प्रदेश की राजनीति में ब्राह्मण समाज की भूमिका अहम मानी जाती है. वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा के सामने विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच समर्थन बनाए रखने की चुनौती होगी. देवरिया और आसपास के इलाकों में श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के परिवार की पहचान रही है. उनके बेटे शशांक मणि त्रिपाठी भाजपा के मौजूदा सांसद हैं. ऐसे में मुख्यमंत्री का परिवार के बीच पहुंचना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना है. हालांकि इस दौरे को श्रद्धांजलि और संवेदना के संदर्भ में भी देखना जरूरी है.
Must Read- यूपी के शहरों की बदल रही तस्वीर, स्मार्ट सिटी मिशन से मिल रही आधुनिक सुविधाएं, जानें किन शहरों का हो रहा विकास