समाचार · मध्य प्रदेश
नेपानगर में नशामुक्ति के लिए पुलिस की बाइक जागरूकता रैली:हाट बाजार पहुंचे ग्रामीणों को दिलाई शपथ, 30 जुलाई तक चलेगा नशे से दूरी अभियान 2.0
बुरहानपुर जिले में 'नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0' के तहत नेपानगर पुलिस ने रविवार दोपहर बाइक जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान आमजन को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। नेपानगर थाने के एसआई शहाबुद्दीन कुरैशी ने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, आर्थिक स्थिति, व्यक्तित्व और रिश्तों को बुरी तरह प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं और बच्चों से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में अपना भविष्य बनाने का आह्वान किया। कुरैशी ने जोर दिया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। पुलिस विभाग द्वारा जिलेभर में इस अभियान के तहत चित्रकला, रंगोली, निबंध, नुक्कड़ नाटक और क्विज स्पर्धा जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान 15 जुलाई को शुरू हुआ था और 30 जुलाई तक चलेगा। इस अवधि में जिले के सभी थानों और चौकियों में प्रतिदिन लोगों को नशामुक्ति के लिए प्रेरित किया जा रहा है। रविवार को नेपानगर में हाट बाजार होने के कारण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों को पुलिस ने नशामुक्ति से संबंधित पर्चे वितरित कर जागरूक किया।