समाचार · हरियाणा
करनाल में डिवाइडर से टकराई बाइक:परिवार के इकलौते बेटे की मौत, रोहतक पीजीआई में चल रहा था इलाज
करनाल के घोघड़ीपुर के पास फ्लाईओवर पर हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक 15 जुलाई की शाम काम से घर लौट रहा था, तभी उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गया। हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। काम से लौटते वक्त हुआ हादसा
मृतक की पहचान 21 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से आरके पुरम का रहने वाला था, जबकि वर्तमान में आनंद विहार में रह रहा था। राहुल मजदूरी का काम करता था और 15 जुलाई की शाम करीब साढ़े 6 बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहा था। जब वह घोघड़ीपुर फ्लाईओवर पर पहुंचा तो अचानक बाइक का बैलेंस बिगड़ गया और बाइक डिवाइडर से जा टकराई। गंभीर चोट के बाद अस्पताल में भर्ती
परिजनों के अनुसार हादसा इतना गंभीर था कि राहुल की जांघ फट गई थी। आसपास के लोगों की मदद से उसे तुरंत करनाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने उसे रोहतक स्थित पीजीआई रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा था। शनिवार को इलाज के दौरान राहुल की मौत हो गई। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
राहुल अपने परिवार का इकलौता बेटा था और पहले ही उसके पिता की मौत हो चुकी थी। घर की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी और वह अपनी मां व छोटी बहन का सहारा था। उसकी मौत से परिवार पर गहरा सदमा छा गया है। पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और घायल को अस्पताल भिजवाया गया। मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर करनाल में पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।