समाचार · मध्य प्रदेश
ऑनलाइन गेम में हारा ढाई लाख, रची अपहरण की साजिश:मुरैना का युवक दिल्ली में होटल से बरामद, परिवार को सुनाई झूठी कहानी
मुरैना जिले के बामौर थाना क्षेत्र में युवक के कथित अपहरण का मामला पुलिस जांच में पूरी तरह झूठा निकला। ऑनलाइन गेमिंग में करीब 2.50 लाख रुपए हारने के बाद युवक ने घरवालों से बचने के लिए खुद के अपहरण की मनगढ़ंत कहानी रच दी। पुलिस ने रविवार को दो दिन की तलाश के बाद युवक को दिल्ली के निजामुद्दीन क्षेत्र के एक होटल से उसे सकुशल बरामद कर लिया। घरवालों ने दर्ज कराई थी अपहरण की रिपोर्ट 17 जुलाई को पमाया रोड निवासी देवी सिंह कुशवाह ने बामौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनका 26 वर्षीय बेटा सोनू कुशवाह बाजार जाते समय आंगनबाड़ी केंद्र के पास से अज्ञात लोग कार में जबरन बैठाकर ले गए। पुलिस ने बीएनएस की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी के निर्देश पर बनीं दो टीमें मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में दो टीमें बनाई गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 150 होटल खंगालने के बाद मिला युवक जांच के दौरान पुलिस को मामला संदिग्ध लगा, लेकिन तलाश जारी रही। मोबाइल की आखिरी लोकेशन के आधार पर पुलिस दिल्ली पहुंची। पहले निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाके में तलाश की गई। इसके बाद करीब 150 होटल और लॉज की जांच की गई। आखिरकार सोनू कुशवाह होटल चौहान रेजीडेंसी के कमरा नंबर-11 में अकेला मोबाइल चलाते हुए मिला। होटल प्रबंधन ने पुलिस को बताया कि वह 18 जुलाई को अकेले ही होटल में ठहरा था। पूछताछ में सामने आई सच्चाई पूछताछ में सोनू ने बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग का आदी है और करीब 2.50 लाख रुपए हार चुका था। घर की आर्थिक जिम्मेदारी उसी पर थी। पैसे हारने के बाद वह परिवार का सामना नहीं कर पाया। इसलिए वह घर से भागकर दिल्ली चला गया और अपहरण की झूठी कहानी बना दी, ताकि घरवालों को लगे कि अज्ञात लोग उसका अपहरण कर पैसे लूट ले गए। पुलिस ने युवक को सकुशल बरामद कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसपी बोले- युवक ने खुद रची साजिश एडिशनल एसपी सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि युवक के अपहरण का मामला झूठा निकला है। सोनू कुशवाह ने ऑनलाइन गेम में करीब ढाई लाख रुपए हारने के कारण खुद यह साजिश रची थी। उसे दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस साजिश में कोई और शामिल था या नहीं। जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।