Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर चतरा में खास आयोजन, 12 जगहों पर हुआ सामूहिक गायन

INT News25 September 2026 at 05:34 pm

चतरा. वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार को इंदुमती टिबड़ेवाल सरस्वती विद्या मंदिर के तत्वावधान में नमामि भारतम् कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसके तहत शहर के 12 चयनित स्थलों पर एक स्वर, एक ताल और एक लय में राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन हुआ. कार्यक्रम में 2444 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने हिस्सा लिया.

शुभारंभ भारत माता पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. इसके बाद निर्धारित स्थलों पर सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया. इंदुमती टिबड़ेवाल विद्यालय, इंदिरा गांधी आवासीय विद्यालय, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय खांचा डाबर, संस्कार केंद्र आसनी खुर्द, संस्कार केंद्र झुमड़ा, किशनपुर, न्यू कॉलोनी दीभा, मां बागेश्वरी मंदिर परिसर जतराहीबाग, डाढ़ा, भेलवाडीह, बुच्चीडाड़ी और मायापुर में कार्यक्रम आयोजित हुआ.

भारत माता के प्रति श्रद्धा

राष्ट्रगीत की गूंज से शहर का माहौल देशभक्तिमय हो गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संतन पांडेय ने कहा कि वंदे मातरम् महज एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र चेतना का गान और भारत माता के प्रति श्रद्धा की अभिव्यक्ति है.

ये भी पढ़ें: चतरा में दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, किसानों की बढ़ी चिंता

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का प्रयास

प्रधानाचार्य रमेश कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम देशभर में एक साथ आयोजित किया गया. इसका उद्देश्य राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को जागृत करना है. उन्होंने बताया कि आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का भी प्रयास किया जा रहा है. कार्यक्रम में समिति के संरक्षक डॉ. विजय अग्रवाल, सचिव संजय सिन्हा, सह सचिव कुमार विवेक सिंह, कोषाध्यक्ष मुकेश साह, शिक्षक, अभिभावक और अन्य लोग मौजूद थे.