national
Video: ठंड की आहट, धर्मशाला में हुई बर्फबारी, जानें देश के किस हिस्से में कब ठंड शुरू होती है

धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश में सीजन की पहली बर्फबारी ने ठंड की आहट दे दी है. धौलाधार पर्वत श्रृंखला बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है. पहाड़ों पर बदले मौसम के बीच इलाके का नजारा बेहद खूबसूरत नजर आ रहा है.
सितंबर के अंत में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होना मौसम में बदलाव का संकेत माना जा सकता है. हालांकि, मैदानी इलाकों में ठंड का असर आमतौर पर इसके बाद धीरे-धीरे बढ़ता है. ऊंचाई, तापमान और पश्चिमी विक्षोभ जैसी मौसमी परिस्थितियों के कारण अलग-अलग हिस्सों में ठंड शुरू होने का समय अलग रहता है.
पहाड़ी इलाकों सबसे पहले महसूस होती है ठंड
देश के पहाड़ी इलाकों में ठंड की शुरुआत सबसे पहले महसूस होती है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अक्टूबर से तापमान गिरने लगता है, जबकि नवंबर में ठंड का असर मैदानी राज्यों तक पहुंचना शुरू होता है. दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों में नवंबर के दौरान सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगती है.
ये भी पढ़ें: नेपाल में पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटा, नदी में गिरा, 24 लोगों की मौत, 14 अब भी लापता
दक्षिण और तटीय इलाकों में सर्दी का असर अपेक्षाकृत कम और देर से महसूस होता है. महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य भारत के कई हिस्सों में नवंबर के आखिर या दिसंबर में ठंड बढ़ती है, जबकि दक्षिण भारत के तटीय क्षेत्रों में तापमान में बदलाव सीमित रहता है. ऐसे में धर्मशाला की पहली बर्फबारी को आने वाले ठंड के मौसम से पहले पहाड़ी इलाकों में बदलते मौसम की एक शुरुआती तस्वीर के तौर पर देखा जा रहा है.