Monday, 20 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कटनी: शबरी कन्या परिषद में दूषित भोजन-11 छात्राएं बीमार:एक की हालत गंभीर, हॉस्टल के बाहर सड़क पर बैठे परिजन

INT News19 July 2026 at 02:50 pm

कटनी के सरस्वाही स्थित माता शबरी कन्या शिक्षा परिषद में दूषित भोजन और पानी के कारण 11 से अधिक छात्राएं बीमार हो गई हैं। शनिवार से शुरू हुआ यह सिलसिला रविवार को भी जारी रहा, जब एक और छात्रा की हालत गंभीर हो गई। उसे कटनी जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद अपर जिला पंचायत सीईओ सहित शिक्षा और खाद्य विभाग के अधिकारी हॉस्टल में मौजूद हैं। प्रभावित छात्राओं को सांस लेने में तकलीफ और सीने में दर्द की शिकायत है। मौके पर मौजूद डॉक्टरों की टीम ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला दूषित पानी या खाना खाने का लग रहा है। हॉस्टल के पानी के स्रोत और रसोई से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। परिजन ने लगाए आरोप छात्राओं के बीमार पड़ने से अभिभावकों में रोष है। अरविंद सिंह टेकाम के नेतृत्व में पीड़ित छात्राओं के माता-पिता और स्थानीय ग्रामीण विद्यालय परिसर के बाहर जमा हो गए हैं। उन्होंने हॉस्टल प्रबंधन और शिक्षा विभाग के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि हॉस्टल में लंबे समय से साफ-सफाई और खान-पान को लेकर लापरवाही बरती जा रही थी, जिस पर प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। प्रदर्शनकारी अभिभावक अरविंद सिंह टेकाम ने कहा, "जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती और हमारी बच्चियां पूरी तरह ठीक नहीं हो जातीं, हम धरना खत्म नहीं करेंगे। अफसर पहुंचे हॉस्टल स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है, जो परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहा है। जिला पंचायत सीईओ और शिक्षा विभाग के अधिकारी हॉस्टल के भीतर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पहली प्राथमिकता सभी छात्राओं का समुचित इलाज सुनिश्चित करना है। लापरवाही बरतने वाले हॉस्टल प्रबंधन या वेंडर पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।