समाचार · उत्तर प्रदेश
मोबाइल चोरी का आरोप लगा तो टूट गई 14 साल की किशोरी, ताई-ताऊ पर प्रताड़ना का आरोप, फंदे से लटका मिला शव

UP News: शाहजहांपुर शहर के चौक हुसैनपुरा मोहल्ले में मोबाइल चोरी के आरोप को लेकर चल रहे विवाद के बीच कक्षा दस की 14 वर्षीय किशोरी ने फंदे से लटककर जान दे दी. उसका शव घर की दूसरी मंजिल पर लिंटर में लगे कुंडे से चादर के सहारे लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
मोबाइल चोरी के आरोप को लेकर चल रहा था विवाद
मृतका के पिता शशिकांत शर्मा का आरोप है कि कुछ समय पहले घरेलू विवाद के दौरान उनकी बेटी यशी उर्फ नव्या पर मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाया गया था. पिता के मुताबिक, इस आरोप को लेकर ताई-ताऊ कथित तौर पर किशोरी को लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे. आरोप है कि चोरी की बात स्कूल और आसपास के लोगों तक पहुंचने से वह सामाजिक रूप से भी काफी आहत थी. इसके बाद से उसके व्यवहार में बदलाव आ गया था और वह गुमसुम रहने लगी थी.
खाना बनाने के बाद दादी को कराया भोजन
परिजनों के अनुसार, घटना से पहले किशोरी घर के सामान्य काम में लगी थी. उसने खाना बनाया और अपनी दादी को भोजन भी कराया. इसके कुछ देर बाद वह दिखाई नहीं दी. परिजनों ने तलाश की तो दूसरी मंजिल पर उसका शव फंदे से लटका मिला.
पत्र मिलने का परिवार ने किया दावा
परिवार का कहना है कि किशोरी के पास से एक पत्र भी मिला है, जिसमें उसने अपनी परेशानी और मोबाइल चोरी के आरोप से पहुंची मानसिक पीड़ा का जिक्र किया है. सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने पत्र कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस पत्र की सत्यता समेत पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
किशोरी की मौत के बाद उसकी मां प्रियंका शर्मा और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. कोतवाली प्रभारी प्रदीप राय ने बताया कि किशोरी की मौत की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: बरेली में अफसरों के नाम पर फर्जीवाड़ा, कार्रवाई का डर दिखाकर करते थे वसूली, तमंचे और फर्जी दस्तावेजों के साथ दो गिरफ्तार