Saturday, 5 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

बरनाला एसएसपी दफ्तर पर किसानों का प्रदर्शन:किसान नेता बोले- कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचा रही सरकार, एमएसपी पर दी चुनौती

INT News5 September 2026 at 02:31 pm

बरनाला में शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) की अगुवाई में एसएसपी के दफ्तर का घेराव कर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान महिला और पुरुष किसानों ने दफ्तर के मुख्य द्वार के सामने धरना लगाकर केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने प्रशासनिक कामकाज पर भी सवाल उठाए। धरना सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ किसान नेता दर्शन सिंह और जरनैल सिंह ने कहा कि दोनों सरकारें बहुराष्ट्रीय कंपनियों के आगे झुककर किसानों को लूट रही हैं। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर, डीजल से लेकर डीएपी खाद और कीटनाशक दवाओं तक के दाम बढ़ाकर किसानों को परेशान किया जा रहा है। प्रदर्शनकारी बोले- कॉरपोरेट घरानों को दी जा रही उपजाऊ जमीन प्रदर्शनकारी किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि एक तरफ किसानों को लूटा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर उनकी उपजाऊ जमीन जबरन कॉरपोरेट कंपनियों को दी जा रही है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि कॉरपोरेट कंपनियों के करोड़ों रुपए के कर्ज तो आसानी से माफ कर दिए जाते हैं, लेकिन अगर कोई गरीब किसान कुछ हजार रुपए की किस्त न चुका पाए, तो उसकी तस्वीरें बैंकों में लगाकर उसे खुलेआम बेइज्जत किया जाता है। किसानों से किया जाता है अपराधियों जैसा व्यवहार किसान नेताओं ने हमला बोलते हुए कहा कि खेत में जरा सा भी कचरा या पराली जलने पर किसानों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जाता है, जो किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार को साफ चुनौती दी कि यदि प्रशासन और सरकार अन्य वैकल्पिक फसलों पर गारंटीड एमएसपी दे, तो किसान धान की एक एकड़ फसल भी नहीं उगाएंगे। उन्होंने याद दिलाया कि पहले सरकारों की नीतियों ने ही पंजाब के किसानों को धान की खेती करने पर मजबूर किया और अब सारा दोष किसानों पर डाला जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक किसानों से जुड़ी नाइंसाफी बंद नहीं होती, तो आंदोलन जारी रहेगा।