Wednesday, 12 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

भीकनगांव में बस किराया वृद्धि का कांग्रेस ने किया विरोध:राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंप निर्णय वापस लेने की मांग

INT News12 August 2026 at 09:10 pm

खरगोन के भीकनगांव में बुधवार को कांग्रेस ने बस किराए में डेढ़ गुना बढ़ोतरी का विरोध किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाईक और विधायक झूमा सोलंकी के नेतृत्व में एक रैली निकाली गई। यह रैली दोपहर 3:30 बजे ब्लॉक मुख्यालय से शुरू हुई। जय स्तंभ पर कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने बस किराया वृद्धि के निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की। जय स्तंभ से रैली बस स्टैंड होते हुए 4.30 बजे एसडीएम कार्यालय पहुंची। यहां नारेबाजी के साथ राज्यपाल के नाम एक मांग पत्र सौंपा गया, जिसमें किराया बढ़ोतरी वापस लेने की मांग दोहराई गई। इस विरोध प्रदर्शन में भीकनगांव ब्लॉक अध्यक्ष आत्माराम पटेल, शहर अध्यक्ष महेश वर्मा, कालधा ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र पंवार सहित मंडलम और ब्लॉक कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद थे। जिलाध्यक्ष रवि नाईक ने कहा कि बसों से गरीब और मध्यमवर्गीय लोग यात्रा करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने किराया बढ़ाकर लाडली बहनों को राखी और आमजन को स्वतंत्रता दिवस का 'तोहफा' दिया है। नाईक ने कहा कि इस बढ़ोतरी का सीधा असर मध्यम वर्ग, दैनिक यात्रियों और हजारों स्कूली छात्रों पर पड़ेगा, जिससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा।