समाचार · झारखंड
बिजली गुल, सड़कें बंद और पेड़ बने आफत, यहां पढ़ें भारी बारिश के बीच सारंडा में क्या-क्या हुआ?

गुवा. चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से सारंडा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है. विद्युत लाइनों में तकनीकी खराबी के कारण गुवा, किरीबुरू, मेघाहातुबुरु और बड़ाजामदा में बिजली आपूर्ति ठप हो गयी. बिजली विभाग की टीमें खराबी दूर कर आपूर्ति बहाल करने में जुटी हैं.
सेल विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नोवामुंडी ग्रिड और बोकना के समीप विद्युत लाइन में दो स्थानों पर इंसुलेटर पंचर अथवा टूटने के कारण आपूर्ति बाधित हुई. लगातार बारिश के बीच तकनीकी टीमें दोनों स्थानों पर मरम्मत कार्य कर रही हैं.
तेज हवा-बारिश के बीच मरम्मत में परेशानी
बारिश और तेज हवाओं के कारण कर्मचारियों को मरम्मत कार्य करने में भी परेशानी हो रही है. इसके बावजूद जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, मौसम ने साथ दिया तो शुक्रवार शाम करीब चार बजे तक गुवा, किरीबुरू और मेघाहातुबुरु में आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है.
वहीं किरीबुरू स्थित जय गुरु आश्रम के समीप विद्युत लाइन पर पेड़ की डाली गिरने से भी आपूर्ति बाधित हुई थी. विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर डाली हटायी, जिसके बाद समस्या का समाधान किया गया.
सड़क पर पेड़ गिरने से घंटों फंसे पर्यटक
इधर, तेज हवा और बारिश के कारण सारंडा के विभिन्न हिस्सों में दर्जनों पेड़ गिर गये. 24 सितंबर की देर शाम थोलकोबाद घूमने गये बाहरी पर्यटक जुम्बईबुरु और करमपदा के समीप सड़क पर पेड़ गिरने से घंटों फंसे रहे. सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ों को काटकर सड़क से हटाया. इसके बाद आवागमन बहाल हुआ और पर्यटक वापस लौट सके.
बारिश जारी रहने से ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें
क्षेत्र में अब भी बारिश जारी रहने से ग्रामीणों की परेशानी बनी हुई है. बिजली गुल रहने से घरेलू कामकाज और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है. वहीं जगह-जगह पेड़ गिरने की घटनाओं से आवागमन को लेकर भी लोगों में चिंता है. प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें स्थिति पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई में जुटी हैं.