Thursday, 2 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कालिदास बांध में जलस्तर घटा:विदिशा में चौथी बार हलाली से पानी मंगाया, आपूर्ति प्रभावित

INT News1 July 2026 at 09:37 pm

विदिशा शहर में इस बार मानसून की देरी से जल संकट गहरा गया है। बेतवा नदी पर बने कालिदास बांध में जलस्तर काफी कम होने के कारण शहर की पानी आपूर्ति प्रभावित हुई है। नगर पालिका को इस सीजन में चौथी बार हलाली बांध से पानी मंगाना पड़ा है, जो एक रिकॉर्ड है। यह पहली बार है जब गर्मी के मौसम में चौथी बार हलाली बांध से पानी लेने की नौबत आई है। इससे पहले हर साल अधिकतम तीन बार ही हलाली से पानी लेना पड़ता था। हलाली बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जाता है, लेकिन लगभग 35 किलोमीटर लंबी पुरानी नहर के रास्ते विदिशा तक पहुंचने में काफी पानी बर्बाद हो जाता है। कालिदास बांध की जल संग्रह क्षमता भी सीमित है। नगर पालिका हर महीने लगभग 35 लाख रुपये खर्च कर शहर की करीब 2.25 लाख आबादी तक पानी पहुंचाती है। फिल्टर प्लांट से प्रतिदिन 22 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जा रही है, जबकि शहर की आवश्यकता लगभग 27 एमएलडी है। शहर में लगभग 28 हजार नल कनेक्शन हैं। जिन इलाकों में पाइपलाइन नहीं पहुंची है, वहां 17 टैंकरों के माध्यम से 130 स्थानों पर पानी पहुंचाया जा रहा है। नगर पालिका जल शाखा प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि बेतवा नदी में पानी कम होने के कारण हलाली बांध से पानी लिया जा रहा है। इस बार लगभग 20 एमसीएफटी पानी खरीदा गया है, जिससे शहर को करीब 25 दिनों तक पानी की आपूर्ति की जा सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नहर के ऊपर बनाए गए रास्तों से पानी का प्रवाह बाधित हो रहा था। बुधवार को नगर पालिका की जेसीबी ने इन अवरोधों को हटाकर नहर को फिर से चालू कराया।