Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

हाजीपुर- छपरा के रास्ते बरौनी और भुज के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलेगी, इन शहरों से होकर गुजरेगी

INT News25 September 2026 at 07:42 pm

Bhuj Barauni Amrit Bharat Express : हाजीपुर और छपरा के रास्ते बरौनी और गुजरात के भुज के बीच सप्ताह में तीन दिन चलने वाली नयी अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दी गयी है. यह ट्रेन 2,532 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करते हुए बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के कई प्रमुख शहरों को जोड़ेगी.

पूर्वी और पश्चिमी छोर के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि नयी अमृत भारत एक्सप्रेस सेवा शुरू होने से देश के पूर्वी और पश्चिमी छोर के बीच रेल आवागमन और सुगम होगा. चार राज्यों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए एक नया रेल विकल्प मिलेगा.

भुज से सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी

गाड़ी संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को शाम 5:30 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी. वहीं, गाड़ी संख्या 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को रात 11:55 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी.

हाजीपुर और छपरा समेत इन स्टेशनों पर ठहराव

नई रेल सेवा के मार्ग में कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं. इनमें समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, भरतपुर, मथुरा, बरेली, गोंडा, गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर प्रमुख हैं. इससे बिहार समेत उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिलेगी.