Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · उत्तर प्रदेश

राजस्थान: पाली में पटाखों की चिंगारी से तीन दुकानों में लगी आग, कांग्रेस पार्षद और पति की मौत

INT News9 November 2026 at 03:39 pm

मृतकों की पहचान खुडाला-फालना नगरपालिका के वार्ड नंबर 23 की कांग्रेस पार्षद ऊषा देवी पूनमिया (68) और उनके पति प्रकाश पूनमिया (70) के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, ऊषा देवी की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई, जबकि उनके पति आग में झुलसकर जिंदा जल गए.

पटाखे की चिंगारी से दुकानों में लगी आग

फालना थाना प्रभारी पन्नाराम ने बताया कि हादसा स्वर्ण मंदिर के पास हुआ. सड़क पर कुछ लोग पटाखे फोड़ रहे थे. इसी दौरान एक पटाखे से निकली चिंगारी पूनमिया परिवार की दुकान के बाहर बिक्री के लिए रखे पटाखों पर जा गिरी. इससे दुकान में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते आसपास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया.

परिवार की सौंदर्य प्रसाधन और बैटरी की दुकान के बाहर पटाखों की अस्थायी दुकान भी लगाई गई थी. आग तेजी से फैलने के कारण तीनों दुकानें जलकर राख हो गईं.

बचाने की कोशिश में जेठ भी झुलसे

पुलिस के अनुसार, आग से बचने के लिए ऊषा देवी दुकान के तहखाने में चली गईं. वहां धुआं भर जाने से उनका दम घुट गया. वहीं, उनके पति प्रकाश दुकान में ही फंस गए और आग में झुलसने से उनकी मौत हो गई. प्रकाश के बड़े भाई गौतम पूनमिया (73) दंपति को बचाने की कोशिश में गंभीर रूप से झुलस गए. उन्हें पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

25 चक्कर लगाकर दमकलकर्मियों ने बुझाई आग

आग पर काबू पाने के लिए सुमेरपुर, बाली, सादड़ी और रानी से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं. दमकलकर्मियों ने करीब 25 चक्कर लगाए और रविवार देर रात दो बजे आग बुझाई. इस दौरान दुकान के तहखाने में करीब 10 फुट तक पानी भर गया.

इसके बाद दंपति की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया गया. सोमवार सुबह करीब पांच बजे दोनों के शव बरामद किए गए. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है.

बताया जा रहा है कि दंपति का बेटा मुंबई में चार्टर्ड अकाउंटेंट है. हादसे की सूचना मिलने के बाद वह फालना के लिए रवाना हो गया.

ये भी पढ़ें: Lucknow Breaking: छठ मनाने बिहार जा रहे यात्रियों की बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पलटी, बॉडी काटकर हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन