समाचार · मध्य प्रदेश
भूषण स्टील पर ED की बड़ी कार्रवाई:58.34 करोड़ की संपत्तियां कुर्क; नीरज सिंघल की पत्नी रितु की जमीन,आवासीय संपत्ति, शेयर, बैंक खातों पर शिकंजा
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भूषण स्टील लिमिटेड (BSL) से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी के पूर्व प्रमोटर नीरज सिंघल की पत्नी रितु सिंघल की करीब 58.34 करोड़ रुपए मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियां कुर्क कर ली हैं। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत 24 जून 2026 को की गई। ईडी के अनुसार कुर्क की गई संपत्तियों में मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित भूमि और आवासीय संपत्ति का एक हिस्सा शामिल है। इसके अलावा रितु सिंघल के नाम पर मौजूद इक्विटी शेयर और बैंक खातों में जमा राशि भी कुर्क की गई है। एसएफआईओ की शिकायत के आधार पर शुरू हुई जांच ईडी ने यह जांच गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) द्वारा भुषण स्टील लिमिटेड, नीरज सिंघल और अन्य के खिलाफ दर्ज आपराधिक शिकायत के आधार पर शुरू की थी। शिकायत में पीएमएलए के तहत अनुसूचित अपराधों का उल्लेख किया गया था। जांच के दौरान ईडी को पता चला कि नीरज सिंघल और उनके सहयोगियों ने भुषण स्टील से कथित रूप से धन का दुरुपयोग करते हुए वित्तीय संस्थानों को लगभग 11,446.73 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया। जिंक इंगट की बिक्री से जुटाई गई नकदी ईडी की जांच में सामने आया कि हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड से खरीदे गए जिंक इंगट, जिन्हें भुषण स्टील के संयंत्रों में उपयोग किया जाना था, उन्हें रिकॉर्ड में दर्ज किए बिना खुले बाजार में बेच दिया गया। जांच एजेंसी के अनुसार इससे प्राप्त नकदी का उपयोग विभिन्न पेनी स्टॉक कंपनियों के माध्यम से फर्जी लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन (एलटीसीजी) एंट्री लेने में किया गया। जांच में यह भी पाया गया कि संबंधित अवधि में बैंक खातों में बड़ी मात्रा में अघोषित नकदी जमा कराई गई, जिससे कथित वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि हुई। पहले भी हो चुकी है करोड़ों की संपत्ति कुर्क ईडी ने बताया कि इससे पहले भी इस मामले में 8 नवंबर 2021 को 61.38 करोड़ रुपये और 6 मार्च 2024 को 367 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की जा चुकी हैं। एजेंसी ने 8 अगस्त 2023 को अभियोजन शिकायत तथा 7 मार्च 2024 को पूरक अभियोजन शिकायत विशेष पीएमएलए न्यायालय में प्रस्तुत की थी। न्यायालय ने नीरज सिंघल, रितु सिंघल और अन्य आरोपियों के खिलाफ दायर शिकायतों का संज्ञान भी ले लिया है। जांच जारी ईडी के अनुसार मामले में धन के कथित दुरुपयोग, फर्जी लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की जांच अभी जारी है। एजेंसी अन्य संबंधित संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है।