Tuesday, 25 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

5 सितंबर को फिर प्रदर्शन करेगी CJP: युवाओं से मार्च में शामिल होने की अपील, जानें क्या हैं मांगें?

INT News24 August 2026 at 10:14 pm

Cockroach Janta Party (CJP) ने 5 सितंबर को दिल्ली में इंडिया गेट से पुलिस मुख्यालय तक शांतिपूर्ण मार्च निकालने का ऐलान किया है. CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि संगठन ने सभी शिक्षा मंत्रियों को पत्र लिखकर राज्यों में स्कूलों की स्थिति पर जवाब मांगा है.

सौरव दास ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार और जनता के बीच लगातार बातचीत जरूरी है. इसी भावना के तहत शिक्षा मंत्रियों से स्कूलों के बजट, कितने स्कूलों का नवीनीकरण हुआ, कितने स्कूल अभी नवीनीकरण का इंतजार कर रहे हैं और किन स्कूलों में खेल सुविधाएं नहीं हैं, इसकी जानकारी मांगी गई है.

उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी शिक्षा मंत्री एक महीने के भीतर अपने राज्यों में शिक्षा और स्कूलों की स्थिति की जानकारी देंगे.

क्या हैं मांगें?

5 सितंबर को फिर प्रदर्शन करेगी CJP, जानें क्या हैं मांग?

NEET विरोध प्रदर्शनों के दौरान छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे तुरंत रद्द किए जाएं.

मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या करने वाले NEET परीक्षार्थियों के परिवारों को वित्तीय मदद मिले.

शांतिपूर्ण आंदोलन में शामिल होने वाले छात्रों पर भविष्य में कोई पुलिस कार्रवाई न हो.

सरकार द्वारा 25 जुलाई को किए गए लिखित और मौखिक समझौतों को पूरी तरह लागू किया जाए.

मांगों को लेकर 5 सितंबर (शिक्षक दिवस) को इंडिया गेट से दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक शांतिपूर्ण युवा मार्च निकाला जाएगा.

दास ने कहा कि 25 जुलाई को CJP ने अच्छे विश्वास के साथ देशव्यापी आंदोलन वापस लिया था. उनके मुताबिक, सरकार ने युवाओं की बाकी मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया था. इनमें प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी FIR वापस लेना, भविष्य में किसी प्रदर्शनकारी को निशाना नहीं बनाए जाने का भरोसा और NEET पेपर लीक संकट के कारण आत्महत्या करने वालों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग शामिल थी.

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अब तक इन मांगों को पूरा नहीं किया है. दास ने कहा कि उन्हें लगता है कि सरकार Gen Z और देश के युवाओं के साथ विश्वासघात करना चाहती है, जिसे वे होने नहीं देंगे. उन्होंने Gen Z, युवाओं और छात्र संगठनों से 5 सितंबर के मार्च के लिए जुटने की अपील की.

'स्कूल ठीक करो' अभियान पर क्या बोले सौरव दास?

सौरव दास ने CJP के ‘School Theek Karo’ अभियान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि देश का युवा जाग चुका है और सड़कों पर उतर रहा है. उन्होंने सत्ता में बैठे लोगों से स्कूलों, कॉलेजों और स्वास्थ्य व्यवस्था पर ध्यान देने की अपील की.

उन्होंने कहा कि कई जगह बच्चों के स्कूल पहुंचने के लिए सही सड़कें तक नहीं हैं. बारिश के दौरान सड़कें कीचड़ में बदल जाती हैं. ऐसे में देश के भविष्य को शिक्षा कैसे मिलेगी, इस पर सरकार को ध्यान देना चाहिए.

दास ने BJP के सांसदों और विधायकों के साथ विपक्षी दलों के नेताओं से भी युवाओं के साथ स्कूलों का दौरा करने और उनकी स्थिति का आकलन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि इससे युवाओं का नेताओं पर भरोसा बढ़ेगा और व्यवस्था में सुधार होगा.

CJP ने स्कूलों की हालत पर उठाए सवाल

CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने दावा किया कि देशभर के सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब है और शिक्षकों के करीब 10 लाख पद खाली हैं. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से सरकारी स्कूलों और सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था में सुधार की स्पष्ट कोशिश दिखाई नहीं दे रही है.

रांका ने कहा कि इसी वजह से CJP ने सभी शिक्षा मंत्रियों को पत्र भेजकर उनसे स्कूलों की स्थिति सुधारने की योजना और रोडमैप बताने की मांग की है.

उन्होंने 25 जुलाई को BJP के वरिष्ठ नेताओं जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ हुई बैठक का भी जिक्र किया. रांका के मुताबिक, उस बैठक में दोनों केंद्रीय मंत्रियों की ओर से कुछ मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन बाद में उस समझौते का पालन नहीं किया गया.

रांका ने कहा कि सरकार की ओर से मुआवजे को लेकर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है और FIR वापस लेने को लेकर भी कोई लिखित समझौता सामने नहीं आया है. उन्होंने कहा कि इसी वजह से CJP 5 सितंबर को मार्च निकालने जा रही है.

Also read : गर्भवती महिला से बार-बार करता रहा दुष्कर्म, धर्म बदलने का भी बनाया दबाव; पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी