समाचार · मध्य प्रदेश
सड़क हादसे में घायल महिला की मौत:परिजन बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार कर रहे थे, पुलिस ने रुकवाया
शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल महिला की चार दिन बाद ग्वालियर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को गांव ले आए और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। जानकारी के अनुसार, सलैया निवासी 30 वर्षीय भावना चिड़ार पत्नी राजेंद्र चिड़ार 15 जुलाई की दोपहर अपने पति के साथ बाइक से सलैया से अपनी बहन के गांव सेसई जा रही थीं। रास्ते में भैया होटल के पास एक मिनी आयशर वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इलाज के दौरान हुई मौत
हादसे में भावना गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें पहले शिवपुरी जिला अस्पताल ले जाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। शनिवार शाम ग्वालियर के अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए सलैया गांव ले आए और रविवार को अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसकी सूचना देहात थाना पुलिस को मिली। इसके बाद अमोला थाना पुलिस को जानकारी दी गई। रविवार को पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल शिवपुरी भेजा। रविवार को सड़क हादसे में पहले से दर्ज प्रकरण के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।