समाचार · मध्य प्रदेश
चित्रकूट से लौटे श्रद्धालुओं ने मैहर में दर्शन किए:दीपावली के दूसरे दिन 50 हजार से अधिक लोग मां शारदा मंदिर पहुंचे
दीपावली के दूसरे दिन सोमवार को मैहर के मां शारदा मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। चित्रकूट में दीपदान के बाद लौट रहे लोगों ने मां शारदा के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से मंदिर परिसर और त्रिकूट पर्वत पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। दिन चढ़ने के साथ भीड़ बढ़ती गई और मंदिर में दर्शन के लिए कतारें लग गईं। तीन रास्तों से पहुंचे श्रद्धालु मंदिर कंट्रोल रूम के मुताबिक, सोमवार शाम 7 बजे तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु मां शारदा के दर्शन कर चुके थे। श्रद्धालु रोपवे, सीढ़ी मार्ग और शारदा एक्सप्रेस वैन से मंदिर पहुंचे। तीनों रास्तों से दिनभर लोगों का आना-जाना जारी रहा। दीपावली के दूसरे दिन चित्रकूट में दीपदान की परंपरा के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। दीपदान के बाद मैहर के मां शारदा मंदिर में दर्शन करना भी कई लोगों की धार्मिक यात्रा का हिस्सा है। मंदिर में मां शारदा के जयकारे गूंजते रहे।